टेरिटोरियल आर्मी भर्ती के नाम पर 24 युवाओं से लाखों की ठगी, एसटीएफ ने तीन ठगों को दबोचा

आगरा। टेरिटोरियल आर्मी में भर्ती के नाम पर जम्मू-कश्मीर के युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का आगरा में एसटीएफ ने भंडाफोड़ किया है। गिरोह ने फर्जी नियुक्ति पत्र और मेडिकल टेस्ट का झांसा देकर युवाओं को जाल में फंसाया था। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Jun 8, 2025 - 17:52
 0
टेरिटोरियल आर्मी भर्ती के नाम पर 24 युवाओं से लाखों की ठगी, एसटीएफ ने तीन ठगों को दबोचा
एसटीएफ द्वारा आगरा से गिरफ्तार किये गये फर्जी भर्ती रैकेट चलाने वाले गिरोह के तीन सदस्य (ऊपर)। नीचे वे युवक जिनसे ठगी की गई।  

-फर्जी नोटिफिकेशन और मेडिकल के नाम पर वसूले रुपये, गैंग का सरगना पठानकोट का दीपक शर्मा फरार

24 युवक पहुंचे थे मेडिकल कराने, दो होटलों में चल रही थी प्रक्रिया

लखनऊ की आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट से मिली जानकारी पर यूपी एसटीएफ की टीम ने आगरा के आईएसबीटी क्षेत्र और खेरिया एयरपोर्ट के पास दो होटलों में छापेमारी की। वहां जम्मू-कश्मीर के 24 युवक भर्ती प्रक्रिया के झांसे में रुके मिले। पूछताछ में युवाओं ने बताया कि उनसे 7-8 लाख रुपये में भर्ती की डील हुई थी।

गिरफ्त में आए तीन शातिर, गैंग लीडर अभी फरार

गिरफ्तार आरोपियों में सुनील कुमार (सांबा), बलवंत सिंह (कठुआ) और अजय यादव (फिरोजाबाद) शामिल हैं। इनका सरगना दीपक कुमार शर्मा (पठानकोट निवासी) बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है। युवाओं ने रकम दीपक के खाते में ट्रांसफर की थी।

फर्जी मेडिकल और नकली नोटिफिकेशन से ठगते थे भरोसा

गिरोह ने शिकोहाबाद के एक फिजियोथेरेपिस्ट को मेडिकल के लिए बुलाया था। अभ्यर्थियों का विश्वास जीतने के लिए फर्जी आर्मी नोटिफिकेशन और दस्तावेज तैयार कराए जाते थे। इसके बाद युवाओं को भर्ती और नियुक्ति का झांसा देकर मोटी रकम वसूली जाती थी।

एसटीएफ की पूछताछ में कई नाम और कड़ियां सामने

तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। एसटीएफ गैंग के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है। जल्द ही मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor