दयालबाग में मौत का मोड़, पांच जिंदगियां निगल चुकी जगह पर दोबारा हादसा, एयरबैग ने बचाई जान

आगरा। दयालबाग क्षेत्र के नगला बूढ़ी इलाके में शनिवार रात एक बार फिर वही स्थान हादसे का गवाह बना, जहां बीते अक्टूबर में दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस बार भी तेज रफ्तार वाहन ने नियंत्रण खो दिया, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

Jan 3, 2026 - 23:32
 0
दयालबाग में मौत का मोड़, पांच जिंदगियां निगल चुकी जगह पर दोबारा हादसा, एयरबैग ने बचाई जान
वह थार कार, जो डिवाइडर से टकराई।

नगला बूढ़ी में तेज रफ्तार थार डिवाइडर पर चढ़ी, दो टायर फटे, सड़क पर मची अफरा-तफरी

आगरा। दयालबाग क्षेत्र के नगला बूढ़ी इलाके में शनिवार रात एक बार फिर वही स्थान हादसे का गवाह बना, जहां बीते अक्टूबर में दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस बार भी तेज रफ्तार वाहन ने नियंत्रण खो दिया, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

शनिवार रात करीब 9:15 बजे दयालबाग 100 फीट रोड से खंदारी की ओर आ रही काले रंग की थार शीतला माता मंदिर पार करते ही अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार के कारण थार सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ड्राइवर साइड का अगला टायर और पिछला बायां टायर फट गया, जबकि वाहन घूमकर पूरी सड़क पर आकर खड़ा हो गया।

दुर्घटना के साथ ही कार के एयरबैग खुल गए, जिससे चालक की जान बच गई। घायल चालक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक सुनाई दी।

कड़ाके की सर्दी और गलन के कारण उस समय नगला बूढ़ी में लोग अपने घरों के अंदर थे। आम दिनों में जिस डिवाइडर पर लोग बैठे रहते हैं, हादसे के वक्त वह खाली था। यही वजह रही कि इस बार कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, घायल चालक को अस्पताल भिजवाया और क्षतिग्रस्त थार हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थान पहले भी कई हादसों का गवाह रहा है। अक्टूबर में इसी जगह पर एक बलिनो कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया था, जिसमें पांच लोगों की जान चली गई थी। बार-बार हो रहे हादसों ने इस मोड़ को “खतरनाक स्पॉट” बना दिया है, जहां स्थायी सुरक्षा उपायों की मांग एक बार फिर उठने लगी है।