शमशाबाद में समोसे के पैसे मांगने पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

आगरा। थाना शमशाबाद क्षेत्र में मिठाई की दुकान पर हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। समोसे और मिठाई के पैसे मांगने पर दुकानदार पर गोली चलाने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त देसी तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

Dec 16, 2025 - 21:28
 0
शमशाबाद में समोसे के पैसे मांगने पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद
पुलिस की गिरफ्त में फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी ।

आगरा। थाना शमशाबाद क्षेत्र में मिठाई की दुकान पर हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। समोसे और मिठाई के पैसे मांगने पर दुकानदार पर गोली चलाने वाले दोनों  आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त देसी तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

यह घटना रविवार शाम करीब 4:30 बजे की है। पीड़ित दुकानदार धर्मेंद्र उर्फ धर्मवीर ने शमशाबाद थाने में दी तहरीर में बताया कि वह अपने भाइयों सुनील और हरकेश के साथ दुकान पर मौजूद था। उसी दौरान गोविंदा पुत्र पूरन सिंह, सूरज जादौन पुत्र फौरन सिंह और एक अन्य युवक अपाचे बाइक से दुकान पर आए। तीनों ने समोसे और मिठाइयां लीं, लेकिन जब उनसे खाने के पैसे मांगे गए तो वे गाली-गलौज पर उतर आए।

पीड़ित के विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए थे । कुछ देर बाद आरोपी दोबारा दुकान पर लौटे। इस बार सूरज जादौन ने धर्मेंद्र को जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन इलाके में दहशत फैल गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना शमशाबाद में तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट और अपर पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त शमशाबाद द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया।

मंगलवार को थाना शमशाबाद पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर कटेला की ठार के पास से मुख्य अभियुक्त गोविंदा (निवासी बांस दौलत राम) और सूरज जादौन (निवासी घड़ी भूपाल) को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) और एक खोखा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में वरिष्ठ उप निरीक्षक रमेश माथुर, उप निरीक्षक संदीप सिंह, उप निरीक्षक योगेश कनौजिया, उप निरीक्षक निशांत कुमार, उप निरीक्षक मुकर्रम और कांस्टेबल दीपक राणा की अहम भूमिका रही।