पिनाहट क्षेत्र में महिला से जेवरात छीनने की वारदात में शामिल दो बदमाश दबोचे, तीसरा फरार

आगरा/पिनाहट। थाना पिनाहट क्षेत्र में विगत 16 मार्च को हुई छिनैती की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी भी फरार है। बकरी चरा रही महिला को धक्का देकर जेवरात छीने गये थे।

Mar 26, 2026 - 20:16
 0
पिनाहट क्षेत्र में महिला से जेवरात छीनने की वारदात में शामिल दो बदमाश दबोचे, तीसरा फरार
थाना पिनाहट पुलिस द्वारा छिनैती की वारदात में गिरफ्तार किये गये अभियुक्त।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त रवि पुत्र सतेंद्र निवासी लडुआपुरा और राम कुमार पुत्र नारायण निवासी ग्राम ताल की पार, थाना पिनाहट को चंबल नदी घाट के पास से गिरफ्तार किया गया। इन दोनों ने अपने साथी आकाश के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।

घटना 16 मार्च की है, जब वादी की पत्नी अपनी बगिया में बकरी चरा रही थी। तभी रवि और उसका साथी आकाश वहां पहुंचे और महिला को धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने महिला के कान के कुंडल, गले का ओम एवं तिबजिया, नाक की किलरी और पैरों की पायजेब छीन ली और मौके से फरार हो गए।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात के बाद उन्होंने छीने गए जेवरात का आपस में बंटवारा कर लिया था। चांदी की पायजेब को एक राह चलते अज्ञात व्यक्ति को करीब 10 हजार रुपये में बेच दिया गया, जिसके बाद रकम आपस में बांट ली गई।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 हजार रुपये बरामद किए हैं। तीसरे आरोपी आकाश की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor