शहर में दो मॊडल रोड, मोतीगंज में पार्किंग को कार्यकारिणी की हरी झंडी, अमित बने उपसभापति
आगरा। नगर निगम कार्यकारिणी समिति के 14वें अधिवेशन में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये। इनमें मदिया कटरा से राजामंडी स्टेशन और मदिया कटरा से सरको मॊल तक के रोड को मॊडल के रूप में विकसित करने का फैसला भी शामिल था। मोतीगंज में पार्किंग बनाने का फैसला भी हुआ। बैठक में वार्ड 81 से पार्षद अमित पटेल को सर्वसम्मति से समिति का उपसभापति चुन लिया गया।
उप सभापति के रूप में अमित पटेल के नाम का प्रस्ताव कार्यकारिणी सदस्य राकेश जैन ने रखा, जिस पर सभी सदस्यों ने मुहर लगा दी। इससे पूर्व अधिवेशन में 10वें, 11वें और 12वें अधिवेशन की कार्यवृत्त की पुष्टि भी की गई।
कार्यकारिणी की इस बैठक में कुल आठ प्रस्तावों में से सात प्रस्तावों पर कार्यकारिणी ने स्वीकृति प्रदान की। प्रमुख स्वीकृत प्रस्तावों में शामिल हैं- वार्ड संख्या 78 मोतीगंज में वाहन पार्किंग बनाने की स्वीकृति, ताकि यमुना किनारे वीआईपी रोड पर रोजाना लगने वाला जाम कम किया जा सके।
मदिया कटरा चौराहे से सरको मॉल तक सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की मंजूरी। न्यू राजामंडी स्टेशन रोड से मदिया कटरा मार्ग को मॉडल रोड बनाने की स्वीकृति भी दी गई। गोकुलपुरा पुलिस चौकी के निकट भव्य गणगौर द्वार का निर्माण होगा। शासनादेश और गजट की कॉपियां नगर निगम सचिवालय में सुरक्षित रखने की व्यवस्था का प्रस्ताव भी पारित हुआ। मोतीगंज गल्ला मंडी का नाम बदलकर आदर्श मोतीगंज गल्ला मंडी करने का प्रस्ताव हुआ। ताजनगरी प्रथम चरण के तहत घरों का पानी मुख्य सीवर लाइन से जोड़ने और सेकेंड फेस योजना में बने पार्कों पर अतिक्रमण हटाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
कार्यकारिणी ने धाकरान चौराहे पर महाराजा धरणीधर का हल बनाने का प्रस्ताव पारित किया। इसके अलावा, शहर में आवारा कुत्तों और बंदरों से उत्पन्न परेशानियों को रोकने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय और अशोक प्रिय गौतम, पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण के अलावा कार्यकारिणी के सभी सदस्य उपस्थित रहे।