आगरा के बिलईपुरा में दरवाजा लगाने को लेकर भिड़े दो पक्ष, लाठी-डंडे चले, चार घायल

आगरा। निबोहरा थाना क्षेत्र के ग्राम बिलईपुरा में शनिवार को उस समय बवाल खड़ा हो गया, जब एक गली में गेट पर दरवाजा लगाए जाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने उग्र रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला लाठी-डंडों, फावड़ों से मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Jul 19, 2025 - 19:34
 0
आगरा के बिलईपुरा में दरवाजा लगाने को लेकर भिड़े दो पक्ष, लाठी-डंडे चले, चार घायल
निबोहरा थाना क्षेत्र के बिलईपुरा गांव में शनिवार को दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष की तस्वीरें।

दरवाजा लगाने का विरोध बना टकराव की वजह

ग्राम बिलईपुरा में शनिवार सुबह एक पक्ष द्वारा गली पर दरवाजा लगाने की कोशिश की जा रही थी। इस पर दूसरे पक्ष ने विरोध जताया और इसी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विरोध करने वाले पक्ष पर दबंगों ने एक राय होकर हमला कर दिया।

महिला समेत चार लोग घायल

घटना में विमलेश पत्नी बंटू, प्रेमवती पत्नी रघुनंदन, रामविलास पुत्र कालीचरन व बंटू पुत्र कालीचरन गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि दबंगों ने उनके घर के सामने जबरन दरवाजा लगाकर रास्ता बंद करने का प्रयास किया। जब इसका विरोध किया गया तो लाठी-डंडों और फावड़े से हमला कर दिया गया।

वायरल वीडियो से पुलिस हरकत में

इस मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मामला पुलिस तक भी पहुंच गया है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor