फतेहपुर सीकरी में दो सड़क हादसेः कार-बाइक भिडंत के बाद विवाद, दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में युवक घायल
फतेहपुर सीकरी। कस्बे के शाहकुली क्षेत्र में दो सड़क हादसे हुए। एक ओर होटल गुलिस्तान के समीप पर्यटक परिवार की कार और मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद मौके पर कहासुनी और तनाव की स्थिति बन गई, वहीं दूसरी ओर शाहकुली चौराहे के पास दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में एक युवक घायल हो गया। दोनों मामलों में पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से स्थिति नियंत्रित रही।
कार और मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद मौके पर हुई कहासुनी
कस्बे के शाहकुली क्षेत्र स्थित होटल गुलिस्तान के समीप एक कार और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आगरा गेट की ओर से आ रही एक पर्यटक परिवार की कार आगे चल रही मोटरसाइकिल से टकरा गई, जिससे मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिर गया। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि मोटरसाइकिल चालक को हल्की चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान कुछ शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया और पर्यटक परिवार के साथ अभद्र व्यवहार तथा कहासुनी की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने के बाद भीड़ में मौजूद शरारती तत्व वहां से हट गए और हालात सामान्य हो गए।
पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। मोटरसाइकिल सवार की पहचान निसार पुत्र अकबर निवासी ताजपुर नगरिया, विकास खंड फतेहपुर सीकरी के रूप में हुई। वहीं कार में सवार अब्दुल कादिर का परिवार नोएडा से फतेहपुर सीकरी भ्रमण के लिए आया था। थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और आपसी सहमति से मामला निपटा लिया गया।
शाहकुली चौराहे के पास दो बाइकों की टक्कर में युवक घायल
बुधवार रात्रि लगभग 9:30 बजे शाहकुली चौराहे के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार सुफियान पुत्र सत्तार निवासी मोहल्ला सेखान, थाना अछनेरा फतेहपुर सीकरी क्षेत्र स्थित अपनी बेकरी से संबंधित कार्य निपटाकर वापस मोड़ बाईपास की ओर जा रहा था। इसी दौरान शाहकुली चौराहे के निकट उसकी मोटरसाइकिल दूसरी बाइक से टकरा गई।
हादसे में सुफियान घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया।