दो लुटेरे दबोचे गये: हरीपर्वत और पिनाहट पुलिस की बड़ी सफलता, लूटे मोबाइल और कैश बरामद

आगरा। पुलिस ने शहर और देहात दोनों इलाकों में लूटपाट की घटनाओं के मामलों में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। हरीपर्वत थाना क्षेत्र में मोबाइल लूट गैंग के फरार सदस्य को दबोचा गया, जबकि पिनाहट थाना पुलिस ने महिला से मोबाइल और नकदी लूटने वाले बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने चोरी का माल और नगदी बरामद की है।

Nov 3, 2025 - 23:22
 0
दो लुटेरे दबोचे गये: हरीपर्वत और पिनाहट पुलिस की बड़ी सफलता, लूटे मोबाइल और कैश बरामद
हरीपर्वत पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया मोबाइल लुटेरे गैंग का छठा सदस्य शशिकांत।

हरीपर्वत पुलिस ने मोबाइल लुटेरे गैंग के छठे सदस्य को किया गिरफ्तार

थाना हरीपर्वत पुलिस ने 9 सितंबर को गिरफ्तार किए गए मोबाइल लुटेरों के पांच सदस्यों के बाद अब फरार छठे आरोपी शशिकांत को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पालीवाल पार्क के पास से उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त शशिकांत ने पूछताछ में स्वीकार किया कि 8 सितंबर को पालीवाल पार्क में हुई मोबाइल लूट की वारदात में वह भी शामिल था। गिरोह के सदस्य लूटे गए मोबाइल बेचकर आपस में पैसे बांट लेते थे। पहले की गिरफ्तारी में पुलिस ने 3 लाख रुपये कीमत के मोबाइल बरामद किए थे।
अभियुक्त शशिकांत पुत्र पांडुराज निवासी मराठा बस्ती, खुशहाली का नगला, थाना शाहगंज का रहने वाला है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया।

पिनाहट पुलिस ने महिला से लूट करने वाले बदमाश को पकड़ा

थाना पिनाहट पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया अभियुक्त प्रताप।

थाना पिनाहट पुलिस ने 1 नवंबर को भदरौली रेलवे पुलिया के पास महिला श्रीमती मीरा देवी से मोबाइल और 2000 रुपये लूटने वाले बदमाश प्रताप पुत्र भीकम सिंह निवासी भदरौली-पिनाहट तिराहा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से लूटा गया मोबाइल और 6500 रुपये नकद बरामद किया।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि बरामद मोबाइल मीरा देवी से लूटा गया था। लूट के 2000 रुपये में से 500 रुपये शेष बचे थे, बाकी खर्च कर दिए। इसके अलावा उसने बताया कि साथी कलवा के साथ शमसाबाद क्षेत्र की एक महिला के कुंडल लूटे थे, जिन्हें 20 हजार रुपये में बेच दिया गया था। बरामद छह हजार रुपये उसी रकम में से हैं। पुलिस ने प्रताप को जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी से हाल के दिनों में हुई लूट की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

SP_Singh AURGURU Editor