आगरा के बल्केश्वर में आज सुबह दो दुकानों में लगी आग, सब कुछ राख, शॉर्ट सर्किट थी वजह
आगरा। सोमवार सुबह बल्केश्वर क्षेत्र में उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब चौराहे पर स्थित दो दुकानों में अचानक भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में लपटों ने किराना स्टोर और पास की कॉस्मेटिक दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल की तीन गाड़ियों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों का माल राख हो चुका था।
मिली जानकारी के अनुसार, बल्केश्वर चौराहे पर स्थित दीपक किराना स्टोर में सुबह करीब छह बजे अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की कॉस्मेटिक की दुकान तक फैल गई। दोनों दुकानों में रखे किराना, प्लास्टिक और रासायनिक उत्पादों ने आग को और भड़का दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना पर कमला नगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान आसपास के मकानों में भी धुआं भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
दुकान स्वामी दीपक ने बताया कि आग लगने से दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। यहां तक कि दुकान के बाहर खड़ी बाइक भी पूरी तरह जल गई। उन्होंने अनुमान लगाया कि करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में फायर ब्रिगेड ने शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना है। सुबह-सुबह लगी इस आग से इलाके में दहशत फैल गई थी।