गांजा के जाल में छात्रों को फंसाने वाले दो तस्कर गिरफ्तार, 10 किलो माल के साथ दबोचे गए

आगरा। न्यू आगरा थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर एक बड़ी चोट करते हुए गांजा बेचने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी शहर में पढ़ने वाले युवाओं और छात्रों को निशाना बनाकर गांजे की सप्लाई करते थे। इनके पास से करीब 10 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये बताई जा रही है।

Jun 7, 2025 - 13:37
 0
गांजा के जाल में छात्रों को फंसाने वाले दो तस्कर गिरफ्तार, 10 किलो माल के साथ दबोचे गए
न्यू आगरा पुलिस द्वारा दयालबाग के पोइया घाट से पकड़े गये गांजा तस्करों के बारे में जानकारी देते डीसीपी सिटी सोनम कुमार और एसीपी विनायक भोंसले। चित्र में पुलिस टीम के साथ दोनों तस्कर भी हैं।

दयालबाग के पास से हुई गिरफ्तारी, गांजा सप्लाई का नेटवर्क बड़ा

डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने दयालबाग स्थित पोइया घाट के पास से दोनों अभियुक्तों चंद्रपाल और गजेंद्र उर्फ 'सेक्सी' को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी यह गांजा उड़ीसा और विशाखापत्तनम से मंगवाते थे और आगरा के अलग-अलग हिस्सों में छात्रों को बेचते थे। वो 7 हजार रुपये प्रति किलो में गांजा खरीदते थे और 9 हजार रुपये में बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।

छात्रों को बना रहे थे निशाना, पुलिस कर रही लिंक खंगालने का काम

डीसीपी के अनुसार, ये तस्कर खासतौर पर कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों के आसपास युवाओं को निशाना बनाकर उन्हें नशे का आदी बना रहे थे। अब पुलिस उनकी बैकवर्ड और फॉरवर्ड सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। माना जा रहा है कि इनसे जुड़े अन्य नाम भी जल्द सामने आ सकते हैं।

डीसीपी सिटी सोनम कुमार और एसीपी विनायक भोंसले के निर्देशन में इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना न्यू आगरा प्रभारी राजीव त्यागी, एसआई अजय कुमार, एसआई सुमित देशवाल, एसआई राहुल ढाका, एसआई रमन सिंह समेत अन्य जवान शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor