शाहदरा फ्लाईओवर पर मौत की रफ्तार, 30 फीट नीचे गिरे दो युवक, दर्दनाक हादसे में दोनों की मौत

शाहदरा फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक 30 फीट नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों में एक बीटेक छात्र अभिषेक शर्मा और दूसरा राजस्थान निवासी सतवीर शामिल हैं। कार पर पहले से 8 चालान होने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।

Apr 13, 2026 - 22:30
 0
शाहदरा फ्लाईओवर पर मौत की रफ्तार, 30 फीट नीचे गिरे दो युवक, दर्दनाक हादसे में दोनों की मौत
मृतक अभिषेक शर्मा। दूसरे चित्र में फ्लाईओवर से गिरी मोटर साइकिल।

आगरा। आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। शाहदरा फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक फ्लाईओवर से करीब 30 फीट नीचे सड़क पर जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी मच गई। नीचे सड़क पर गिरे दोनों युवक खून से लथपथ पड़े थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक बाइक सवार दोनों युवक रामबाग से छलेसर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे शाहदरा फ्लाईओवर पर पहुंचे, पीछे से आ रही राजस्थान नंबर की तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की बाउंड्री से टकरा गई, जिससे दोनों युवक नीचे जा गिरे।

मृतकों की पहचान छलेसर निवासी अभिषेक शर्मा और राजस्थान निवासी सतवीर के रूप में हुई है। अभिषेक के पिता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि उनका बेटा आगरा कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था और घटना के समय घर लौट रहा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

वहीं, दूसरे युवक सतवीर की पहचान पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए की। वह अभिषेक के साथ कैसे आया, इसको लेकर अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों ने कार चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिस कार से हादसा हुआ, उस पर पहले से ही तेज रफ्तार के 8 चालान दर्ज हैं। इसके बावजूद चालक ने लापरवाही नहीं छोड़ी और आखिरकार इस दर्दनाक हादसे का कारण बन गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।