आगरा के रायभा में मांस के कट्टे छोड़ भागे दो युवक, पुलिस ने नमूने जांच के लिए भेजे

अछनेरा। थाना अछनेरा क्षेत्र के रायभा स्थित सिद्धिविनायक डिग्री कॉलेज के पीछे रेलवे ट्रैक के पास बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब कटे हुए मांस से भरे कट्टे छोड़कर कुछ लोग भाग खड़े हुए। लोगों के गौकशी की आशंका जताने से तनाव का माहौल बन गया।

Dec 17, 2025 - 22:19
 0
आगरा के रायभा में मांस के कट्टे छोड़ भागे दो युवक, पुलिस ने नमूने जांच के लिए भेजे
रायभा गांव में मांस से भरे कट्टे बरामद होने पर मौके पर जुटी भीड़।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक बाइक पर मांस से भरे दो कट्टे ले जाते दिखाई दिए। पास के खेत में काम कर रहे एक किसान को उनकी गतिविधि संदिग्ध लगी तो उसने रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि रोके जाने पर दोनों युवकों ने तमंचा निकाल लिया और किसान के साथ मारपीट करते हुए उसकी कनपटी पर तमंचा रखकर जान से मारने की धमकी दी। इस बीच और लोगों को आते देख दोनों युवक बाइक लेकर फरार हो गए, जबकि मांस से भरे दोनों कट्टे मौके पर ही छोड़ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। गौकशी की आशंका को लेकर नाराजगी बढ़ गई। इसी दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ने से पहले पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

सूचना पर थाना अछनेरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि बरामद मांस प्रथम दृष्टया नीलगाय का प्रतीत हो रहा है। मांस के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फरार युवकों की तलाश की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

SP_Singh AURGURU Editor