आगरा के पिनाहट क्षेत्र में चंबल पुल के पास दो युवकों से नकदी और मोबाइल की लूट

आगरा। शादी समारोह से लौट रहे दो युवकों के साथ पिनाहट थाना क्षेत्र में चंबल नदी घाट के पास मारपीट और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ितों ने अज्ञात युवकों पर रास्ता रोककर नकदी, मोबाइल फोन और अंगूठी लूटने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस इसे संदिग्ध मान रही है।

Feb 17, 2026 - 11:42
 0
आगरा के पिनाहट क्षेत्र में चंबल पुल के पास दो युवकों से नकदी और मोबाइल की लूट
राम प्रकाश और सुनील, जिन्होंने अपने साथ लूटपाट का आरोप लगाया है।

पीड़ित राम प्रकाश पुत्र सियाराम और सुनील पुत्र रामदास, निवासी अम्बा बेतरवा, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वे दोनों फतेहाबाद में एक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे पिनाहट क्षेत्र में चंबल पुल से करीब 50 मीटर पहले पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे करीब 12 अज्ञात लड़कों ने उनकी बाइक रोक ली।

आरोप है कि हमलावरों ने दोनों युवकों के साथ जमकर मारपीट की और उनके पास मौजूद नकदी, मोबाइल फोन और अंगूठी छीन ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। घटनास्थल चंबल नदी घाट क्षेत्र में होने के कारण मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। जल्द ही सच्चाई सामने लाने का दावा पुलिस कर रही है।

SP_Singh AURGURU Editor