दो दिग्गज नेताओं की अदावत का अखाड़ा बना विवि, परेशान हुए छात्र
डा. भीमराव अंबेडकर विवि की परीक्षाएं भी राजनीति का शिकार हो गई हैं। दो माननीयों की अदावत का खामियाजा बेचारे छात्रों और विवि के अधिकारियों व कर्मचारियों को भुगतना पड़ा
आगरा। डा. भीमराव अंबेडकर विवि की परीक्षाएं भी राजनीति का शिकार हो गई हैं। दो माननीयों की अदावत का खामियाजा बेचारे छात्रों और विवि के अधिकारियों व कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है।
परीक्षा के दौरान केंद्र बदलने की घटना ने आज तूल पकड़ लिया। डा. रामेश्वर चौधरी का किरावली में चौधरी रघुनाथ सिंह महाविद्यालय है। इस कालेज का परीक्षा केंद्र सीके कालेज में तय किया गया था। गुरुवार रात परीक्षा केंद्र सीके कालेज से बदलकर महाराणा प्रताप कालेज में कर दिया गया।
बहुत से छात्रों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी और उनकी परीक्षा छूट गई। विधायक चौधरी बाबूलाल छात्रों तथा अभिभावकों को लेकर कुलपति आवास पर पहुंच गए और अपनी नाराजगी जताई। कुलपति ने अनिभिज्ञता जाहिर करते हुए सारा ठीकरा परीक्षा नियंत्रक पर फोड़ दिया। असली कहानी हम आपको बताते हैं।
फतेहपुरसीकरी लोकसभा क्षेत्र में दो दिग्गजों की अदावत जग जाहिर है। सूत्रों का कहना है कि गुरुवार की रात्रि दस बजे के करीब एक माननीय कुलपति के आवास पर पहुंच गए और उन्होंने वहां डेरा डाल दिया।
माननीय वहां 12 बजे तक डटे रहे। उनके दबाव के कारण ही कुलपति ने रात में ही परीक्षा नियंत्रक को केंद्र बदले जाने के निर्देश दिए और रातोंरात डा. रामेश्वर चौधरी के कालेज का परीक्षा केंद्र बदल दिया गया।
सुबह हुए घटनाक्रम के बाद इस घटना से नाराज परीक्षा नियंत्रक ने कुलपति के सामने हाथ खड़े कर दिए हैं। कुलपति भी इस मामले में माननीयों के हस्तक्षेप से व्यथित हैं। इस संपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी कुलपति की ओर से शासन तथा राज्यपाल को भेजी जा रही है। परीक्षा नियंत्रक ने भी अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
चौधरी रघुनाथ सिंह महाविद्यालय के जिन छात्रों की परीक्षा सुबह छूट गई थी उनकी परीक्षा तीसरी पाली में सीके महाविद्यालय में संपन्न कराई गई।