आगरा में महाराज निषादराज की पहली प्रतिमा का अनावरण, शोभायात्रा से एकता का संदेश

आगरा। निषाद समाज की आस्था, समर्पण और सांस्कृतिक गौरव का ऐतिहासिक दृश्य उस समय देखने को मिला जब कर्मयोगी कमला नगर स्थित निषाद चौक (वार्ड 87) पर निषाद युवा मोर्चा संगठन द्वारा महाराज निषादराज की विशाल प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर निकली शोभायात्रा में पूरा क्षेत्र जयघोषों से गूंज उठा।

Mar 29, 2026 - 20:19
 0
आगरा में महाराज निषादराज की पहली प्रतिमा का अनावरण, शोभायात्रा से एकता का संदेश
निषाद चौक, कर्मयोगी कमला नगर में रविवार को महाराज निषादराज की विशाल प्रतिमा का अनावरण करते विधायक छोटेलाल वर्मा, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विजय शिवहरे, राकेश गर्ग, पार्षद कंचन बंसल आदि।

विधि-विधान से हुआ लोकार्पण, गूंजे जयकारे

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक एवं पूर्व मंत्री छोटेलाल वर्मा, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, विधानसभा सदस्य विजय शिवहरे, पार्षद कंचन बंसल, पार्षद अमित अग्रवाल पारुल, प्रदीप अग्रवाल, पंकज अग्रवाल एवं पूर्व पार्षद अमित ग्वाला सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आचार्य बीआर शर्मा के मार्गदर्शन में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रतिमा का अनावरण किया गया।

निषादराज केवल राजा नहीं, समर्पण की मिसाल

मुख्य अतिथि छोटेलाल वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महाराज निषादराज केवल एक राजा नहीं, बल्कि सच्चे रामभक्त, मित्रता और त्याग के प्रतीक थे। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने श्रीरामचरितमानस के केवट प्रसंग का उल्लेख करते हुए निषादराज और भगवान श्रीराम की मित्रता को सामाजिक समरसता का सर्वोत्तम उदाहरण बताया। विधानसभा सदस्य विजय शिवहरे ने समाज को शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं राकेश गर्ग ने निषादराज की भक्ति और तपस्या को अद्वितीय बताते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

पार्षद कंचन बंसल, कार्यक्रम संयोजक एवं अध्यक्ष आगरा मंडल व्यापार संगठन के पवन कुमार बंसल ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा युवा नेता मनोज गर्ग ने किया, जबकि अध्यक्ष धीरज निषाद ने आभार व्यक्त किया।

भव्य शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

लोकार्पण से पूर्व निषाद चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो मनोहरपुर सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः निषाद चौक पर सम्पन्न हुई। यात्रा में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में मनोज गर्ग, किशन निषाद, रामू निषाद, बहादुर निषाद, रवि निषाद, मुकेश बघेल, बृजेश निषाद, प्रेम सिंह निषाद, कमल निषाद, विजय निषाद, प्रदीप बघेल, गौतम निषाद, मोहन सिंह वर्मा, हर प्रसाद वर्मा, अंकित बंसल, गोपाल वर्मा, लाल वर्मा, पंकज वर्मा, प्रेम सिंह वर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor