आज से यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरू, राहत भरी मुस्कान के साथ खत्म हुई 10 वीं की हिंदी परीक्षा

जिले में 10वीं की हिंदी परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। छात्रों ने पेपर को आसान बताया और परीक्षा के बाद उनके चेहरों पर राहत दिखी। कुल 1,21,922 परीक्षार्थी इस बार बोर्ड परीक्षा में शामिल हैं। नकल रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं, जिनमें सीसीटीवी निगरानी, सख्त तलाशी और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती शामिल है। बोर्ड परीक्षाएं 12 मार्च तक चलेंगी।

Feb 18, 2026 - 15:41
 0
आज से यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरू, राहत भरी मुस्कान के साथ खत्म हुई 10 वीं की हिंदी परीक्षा
परीक्षा केंद्रों पर अपना रूम नंबर देखते हुए।

दोपहर 2 बजे से शुरू हुई  12वीं की परीक्षा, 1.21 लाख से अधिक परीक्षार्थी मैदान में

आगरा। आज सुबह की पाली में आयोजित यूपी बोर्ड की हाईस्कूल (10वीं) की हिंदी परीक्षा जिलेभर में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा समाप्त होते ही केंद्रों से बाहर निकले छात्र-छात्राओं के चेहरों पर राहत और संतोष साफ झलक रहा था। कई छात्र- छात्राओं ने उत्साह से बताया कि पेपर अपेक्षा से आसान था और उनका प्रदर्शन बेहतर रहा।

एक छात्रा ने मुस्कुराते हुए कहा, “पेपर बहुत आसान था, हमारा पेपर बहुत अच्छा हुआ है।” परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भी भीड़ नजर आई, जो बच्चों के बाहर आते ही उनके अनुभव जानने को उत्सुक दिखे।

जिले में 1,21,922 परीक्षार्थी दे रहे परीक्षा

हाईस्कूल में 60,371 और इंटरमीडिएट में 61,551 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए हैं। 
जिले में इस बार कुल 1,21,922 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें 60,371 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल के और 61,551 इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी हैं। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर भारी भीड़ देखने को मिली।

कड़ी जांच और तलाशी के बाद ही विद्यार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। कुछ केंद्रों पर रोल नंबर सूची ढूंढने में छात्रों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। एचएस गर्ल्स इंटर कॉलेज की दो छात्राओं ने बताया कि उनका सेंटर जीआईसी में था, लेकिन सूची में नाम ढूंढने में उन्हें दिक्कत हुई।

सख्त निगरानी में हो रही परीक्षा

जिला प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं। पेयजल, शौचालय और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। छात्राओं की तलाशी के लिए महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि बोर्ड परीक्षाएं 12 मार्च तक चलेंगी और इन्हें पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाएगा।

अब बारी 12वीं की

दोपहर 2 बजे से इंटरमीडिएट (12वीं) की हिंदी परीक्षा शुरू हुई , जो शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रशासन की ओर से दूसरी पाली के लिए भी वही सख्त व्यवस्थाएं लागू रहेंगी।