चंडीगढ़ में यूपी दिवस समारोह, हरियाणा के राज्यपाल ने किया यूपी सरकार के प्रतिनिधि राजकुमार चाहर को सम्मानित

उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में यूपी सरकार के प्रतिनिधि को हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया गया। कार्यक्रम में फर्स्ट लेडी श्रीमती मित्रा घोष की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

Jan 24, 2026 - 17:42
 0
चंडीगढ़ में यूपी दिवस समारोह, हरियाणा के राज्यपाल ने किया यूपी सरकार के प्रतिनिधि राजकुमार चाहर को सम्मानित
हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष सांसद राजकुमार चाहर को सम्मानित करते हुए। साथ में हैं फर्स्ट लेडी मित्रा घोष।

चंडीगढ़। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि के रूप में शामिल होना एक गौरवपूर्ण अनुभव रहा। इस दौरान हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष द्वारा प्रदान किया गया सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि, बल्कि समूचे उत्तर प्रदेश के सम्मान का प्रतीक है। यह कहना है यूपी सरकार के प्रतिनिधि भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राजकुमार चाहर का। 

राज्यपाल असीम कुमार घोष एवं फर्स्ट लेडी मित्रा घोष की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। हरियाणा राजभवन, चंडीगढ़ में आयोजित इस सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक और प्रशासनिक पहचान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

राज्यपाल का स्नेह और सम्मान

सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक होते हुए यूपी सरकार के प्रतिनिधि सांसद चाहर ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्रगति को समर्पित है। उन्होंने  राज्यपाल  के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह और सम्मान सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

यूपी दिवस ने जोड़ा राज्यों को

उत्तर प्रदेश दिवस का यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि राज्यों के बीच आपसी सहयोग, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने का माध्यम भी बना। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की विरासत, लोकसंस्कृति और विकास यात्रा को प्रभावी रूप से दर्शाया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों ने सराहा।

राजभवन में दिखी गरिमा और सौहार्द

हरियाणा राजभवन में आयोजित इस आयोजन में प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक प्रतिनिधि और विभिन्न राज्यों से आए गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सौहार्द, सम्मान और आपसी सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।