12 जून को इतिहास लौटेगा: आगरा में यूपी सरकार मनाएगी महाराजा सूरजमल विजय दिवस

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी 12 जून को भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमल का आगरा विजय दिवस सरकारी स्तर पर मनाने का आदेश संस्कृति एवं पर्यटन विभाग को दिया है। यह महाराजा सूरजमल का प्रथम विजय दिवस समारोह होगा। इस कार्यक्रम में आगरा की प्रगतिशील जाट महासभा का भी सहयोग रहेगा।

Jun 8, 2025 - 13:17
 0
12 जून को इतिहास लौटेगा: आगरा में यूपी सरकार मनाएगी महाराजा सूरजमल विजय दिवस

-प्रगतिशील जाट महासभा के निवेदन पर सीएम योगी ने संस्कृति एवं पर्यटन विभाग को दिया आदेश

प्रगतिशील जाट महासभा के संरक्षक एवं सेवानिवृत्त अधिकारी यादराम सिंह, जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम फौजदार एवं अन्य प्रतिनिधि महाराजा सूरजमल का प्रथम विजय दिवस सरकारी स्तर से मनाने का अनुरोध लेकर विगत तीन जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले थे। छावनी के विधायक डॊ. जीएस धर्मेश उन्हें मुख्यमंत्री के पास लेकर पहुंचे थे।

आप तो सहस्त्रबाहु हैं, योगी मुस्कराए और हो गया आदेश

मुलाकात के दौरान महासभा के संरक्षक यादराम सिंह ने सीएम योगी से अनुरोध किया कि आगरा से मुगलों को खदेड़ने वाले महाराजा सूरजमल का विजय दिवस सरकारी स्तर पर आगरा में मनाया जाए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत सीमित समय है, इतने कम समय में सरकारी स्तर पर कार्यक्रम कैसे हो सकता है। इस पर यादराम सिंह ने सीएम योगी से कहा- आपके पास सहस्त्रबाहु हैं। आप चाहें तो यह हो सकता है। इस पर सीएम योगी मुस्कराए और उसी समय संस्कृति एवं पर्यटन विभाग को आदेश दिया कि 12 जून को आगरा में भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमहल का प्रथम विजय दिवस धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया जाए।

इस बार किले के सामने रामलीला मैदान में होगा कार्यक्रम

प्रगतिशील जाट महासभा ने इस कार्यक्रम के लिए आगरा किले के सामने का रामलीला मैदान चयनित किया है। यह कार्यक्रम सायं छह बजे से होगा। महासभा के संरक्षक यादराम सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा कार्यक्रम के लिए आदेश जारी किए जाने पर उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम पूरी उम्मीद लेकर पहुंचे थे कि सीएम योगी हमारी इच्छा पूरी करेंगे। हुआ भी ऐसा ही। यह सामान्य बात नहीं है कि महज आठ दिन के अंतराल में कोई सरकारी कार्यक्रम हो जाए।

अगला लक्ष्य आगरा किले में कार्यक्रम का, कैलेंडर में शामिल कराएंगे

यादराम सिंह ने बताया कि मुलाकात के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी कुछ पुस्तकें भी भेंट कीं। मुख्यमंत्री बहुत आत्मीयता से मिले। उन्होंने हमारे साथ फोटो भी खिंचवाया। उन्होंने बताया कि समय बहुत कम था, इसलिए इस साल हम ये कार्यक्रम रामलीला मैदान में कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य तो ये कार्यक्रम आगरा किले के अंदर करने का है, जिस पर महाराजा सूरजमल ने विजय पताका फहराई थी। हम यह भी कोशिश कर रहे हैं कि संस्कृति और पर्यटन विभाग द्वारा आगरा में आयोजित किया जा रहा यह कार्यक्रम विभाग के कैलेंडर में भी शामिल हो जाए और हर साल सरकारी स्तर पर इसका आयोजन हो।

महाराजा सूरजमल ने 12 जून 1761 को जीता था आगरा

भरतपुर रियासत के महाराजा सूरजमल ने 12-जून 1761 को आगरा पर कब्जा किया था। आगरा में उस समय मुगल सल्तनत थी। महाराजा सूरजमल ने आगरा किले पर कब्जा करके आगरा को मुगलों से आजादी दिलाई थी। यही नहीं, महाराजा सूरजमल ने सम्पूर्ण बृज क्षेत्र से मुगलों को खदेड़ा दिया था। इसके बाद अगले 14 वर्ष तक आगरा पर महाराजा सूरजमल का ही शासन रहा था।

SP_Singh AURGURU Editor