फेक आईडी से महिला के फोटो एडिट कर देता था, अश्लील संदेश भी भेजे, विरोध किया तो डंडों से पीटा
बाह। थाना बाह क्षेत्र के अंतर्गत बटेश्वर के सिकरवार डांडा में एक युवक ने सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर एक महिला से अश्लील मैसेज भेजना शुरू कर दिया। ब्लैकमेल भी करने लगा। जब इस महिला ने विरोध किया तो दबंग पक्ष ने महिला को डंडों से पीटा। चोटें आने पर पीड़िता ने थाने में पहुंच कर शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार बटेश्वर के सिकरवार डांडा निवासी एक महिला ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि गांव का ही दबंग विमलेश सोशल मीडिया पर एक फेक आईडी बनाकर बीते दिनों से प्रार्थिया को लगातार परेशान किए जा रहा है। महिला अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कभी-कभार पोस्ट डालती है तो उसके फोटो को एडिट कर दूसरे फोटो से जोड़ देता है। अपनी फेक आईडी से मैसेज कर ब्लैकमेल करना चाहता है। विमलेश की हरकत का पता चलने पर महिला अपने परिवार के साथ विरोध दर्ज कराने पहुंची तो जान से मानने की धमकी दी गई।
बुधवार की शाम महिला अपने दरवाजे पर बैठी थी, तभी नरपत, मोहरश्री, निशा, अंजलि, रवीना आदि एकराय होकर आए और लाठी डंडों से हमला कर दिया। उसके साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला का कहना है कि उसके फोटो एडिट कर जब अश्लील मैसेज भेजे जा रहे थे, तभी उसे संदेह हो गया था कि यह हरकत विमलेश की हो सकती है, क्योंकि उसे वह कई बार बदनाम करने की धमकी दे चुका था।
आमने सामने से भिड़ी दो बाइक, चार घायल
थाना बाह क्षेत्र में ही बुधवार को देवता पेट्रोल पंप के पास दो बाईकों में आमने-सामने से हुई भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाइकों के टकराने पर दोनों बाईकों पर सवार दो महिलाएं और दो युवक घायल हुए हैं। ग्रामीणों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी केंद्र में भर्ती कराया। इनमें से एक महिला को आगरा रेफर किया गया है।
घायलों के नाम थाना बसौनी के पडकौली निवासी राजेंद्र सिंह और उनकी पत्नी शोभा तथा पिनाहट के सवालदास का पुरा निवासी भीकाराम और सावित्री देवी हैं।