आगरा कॉलेज के उत्कर्ष गणतंत्र दिवस परेड शिविर–2026 में करेंगे यूपी का प्रतिनिधित्व
आगरा। आगरा कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। महाविद्यालय के कर्मठ एवं जुझारू स्वयंसेवक उत्कर्ष कुमार का बहु-स्तरीय चयन प्रक्रिया में चयन गणतंत्र दिवस परेड शिविर–2026 के लिए हुआ है। उत्कर्ष आगामी गणतंत्र दिवस परेड में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिससे महाविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. आनंद प्रताप सिंह ने बताया कि लगभग चार वर्षों के अंतराल के बाद आगरा कॉलेज की एनएसएस इकाई को कर्तव्य पथ पर प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि उत्कर्ष ने अनुशासन, सेवा-भावना, नेतृत्व क्षमता और निरंतर परिश्रम के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सत्यदेव शर्मा ने जानकारी दी कि चयनित स्वयंसेवक 1 से 31 जनवरी 2026 तक दिल्ली में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और 26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर माननीय राष्ट्रपति को मार्चिंग करते हुए सलामी देंगे।
अपनी सफलता पर उत्कर्ष कुमार ने इसे गुरुओं के आशीर्वाद, वरिष्ठों के मार्गदर्शन तथा सभी के स्नेह और सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में समाज और राष्ट्रसेवा के लिए और अधिक प्रेरणा प्रदान करेगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने एनएसएस इकाई एवं चयनित स्वयंसेवक को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्कर्ष जैसे समर्पित स्वयंसेवक ही महाविद्यालय और राष्ट्र का गौरव बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर उपप्राचार्य डॉ. पी. बी. झा, डॉ. सुरेन्द्र पाल सिंह, डॉ. अविनाश जैन, मुख्य प्रानुशासक डॉ. वी. के. सिंह, एनसीसी प्रभारी प्रो. रीता निगम, प्रो. संजीव शर्मा, डॉ. केशव सिंह एवं डॉ. चेतन गौतम सहित अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे।