पीएम आवास योजना में यूपी अव्वल, सांसद नवीन जैन के सवाल पर केंद्र ने दी जानकारी
नई दिल्ली/आगरा। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की प्रगति को लेकर राज्यसभा सांसद नवीन जैन के प्रश्न पर केंद्र सरकार ने अहम आंकड़े पेश किए हैं। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री तोखन साहू ने लिखित उत्तर में बताया कि 25 जून 2015 को शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत अब तक 119.26 लाख घर स्वीकृत, 112.81 लाख घरों का निर्माण शुरू और 93.61 लाख आवास पूरे किए जा चुके हैं।
मंत्री ने बताया कि इन आंकड़ों में पीएमएवाई-यू 2.0 के तहत सितंबर 2024 के बाद स्वीकृत 7.09 लाख नए घर भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ‘सबके लिए आवास’ के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध है और योजना को 31 दिसंबर 2025 की निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के लिए राज्यों के साथ समन्वय कर रही है।
उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन सबसे प्रभावशाली
सांसद नवीन जैन के प्रश्न का जवाब देते हुए मंत्री ने राज्यों की उपलब्धियों का ज़िक्र किया। उत्तर प्रदेश योजना में सबसे आगे रहा, जहाँ अब तक 19.75 लाख घर स्वीकृत और 17.02 लाख पूर्ण हो चुके हैं। इसके बाद महाराष्ट्र (12.49 लाख स्वीकृत, 9.93 लाख पूर्ण) और मध्य प्रदेश (9.66 लाख स्वीकृत, 8.68 लाख पूर्ण) का स्थान रहा।
नीति से क्रियान्वयन तक उत्तर प्रदेश सबसे आगे
उत्तर प्रदेश की सफलता को लेकर रिपोर्ट में यह संकेत मिला कि राज्य सरकार ने न केवल लक्ष्य तय किए बल्कि जमीनी क्रियान्वयन और निगरानी में भी पूरी गंभीरता दिखाई। यही कारण है कि वह न केवल आवास स्वीकृति, बल्कि निर्माण और पूर्णता के पैमानों पर भी राष्ट्रीय स्तर पर सबसे आगे है।
भविष्य की दिशा भी तय
मंत्री साहू ने कहा कि 2025-26 से 2027-28 की अवधि के लिए राज्य एवं संघ शासित प्रदेश आवश्यकतानुसार नए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज सकते हैं, जिनका मूल्यांकन केंद्रीय मंजूरी एवं निगरानी समिति (CSMC) द्वारा किया जाएगा।