नेशनल जूनियर महिला फुटबॉल में यूपी का कमाल: त्रिपुरा को 3–0 से हराकर सेमीफाइनल में एंट्री

नगालैंड के दीमापुर में खेले जा रहे जूनियर नेशनल महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश की बालिका टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए त्रिपुरा को 3–0 से हराकर बीस वर्षों बाद सेमीफाइनल में जगह बना ली। शुरुआती मिनटों से ही मैच पर कब्ज़ा जमाए यूपी की बेटियों ने विपक्षी टीम को एक भी गोल करने का मौका नहीं दिया और पूरे खेल पर एकतरफा दबदबा बनाए रखा।

Dec 5, 2025 - 22:23
 0
नेशनल जूनियर महिला फुटबॉल में यूपी का कमाल: त्रिपुरा को 3–0 से हराकर सेमीफाइनल में एंट्री
नेशनल जूनियर महिला फुटबॊल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद खुशियां मनातीं यूपी की बालिका टीम की खिलाड़ी।

दीमापुर (नागालैंड)। जूनियर नेशनल महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में आज का मुकाबला उत्तर प्रदेश के नाम रहा। त्रिपुरा के खिलाफ खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में यूपी की टीम ने 3–0 से शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। मैच के अधिकांश समय गेंद यूपी खिलाड़ियों के कब्जे में रही और त्रिपुरा की टीम लगातार दबाव में नजर आई।

पहला गोल मैच के पहले ही मिनट में दिव्या ने दागा, जिसने त्रिपुरा की डिफेंस को शुरुआत से ही हिला दिया। इसके बाद तीसरे ही मिनट में मानसी सोनकर ने दूसरा गोल कर स्कोर 2–0 कर दिया।
मध्यांतर के बाद 52वें मिनट में शबाना ने तीसरा गोल कर जीत को पुख्ता कर दिया। इस पूरे मुकाबले में त्रिपुरा एक भी गोल दागने में असफल रही।

यूपी टीम की गोलकीपर आगरा की अंशी कश्यप ने विपक्षी खिलाड़ियों के कई प्रयासों को बेहतरीन ढंग से रोककर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले लीग मैच में भी यूपी की टीम त्रिपुरा को 6–1 से हरा चुकी है।

20 साल बाद यूपी की ऐतिहासिक उपलब्धि

आगरा फुटबॉल संघ के अध्यक्ष बिल्लू चौहान ने बताया कि पिछले बीस वर्षों में पहली बार उत्तर प्रदेश की जूनियर बालिका फुटबॉल टीम सेमीफाइनल में पहुंची है। यह उपलब्धि न सिर्फ खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाएगी, बल्कि फुटबॉल की नई पीढ़ी को भी प्रेरित करेगी।

टीम का चयन आगरा में हुआ था

उत्तर प्रदेश टीम के हैड कोच रवि कुमार पोनिया, सहायक कोच संगीता यादव, मैनेजर अंजली चौहान, चीफ मैनेजर आदित्य चौहान, तथा फिजियो डॉ. मोनिका चौधरी टीम के साथ मौजूद रहे।
यूपी की जूनियर टीम का चयन आगरा में हुआ था और कोचिंग कैंप भी एकलव्य स्टेडियम में आयोजित किया गया था। सेमीफाइनल मुकाबला 8 दिसंबर को खेला जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor