वैभव सूर्यवंशी की रिकॉर्ड तोड़ फिफ्टी, जिम्बाब्वे की टीम बेबस दिखी, भारत ने 7 विकेटों से जीता पहला टी20
भारत ने जिम्बाब्वे को पहले टी20 में 7 विकेटों से मात दी। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंदों में फिफ्टी बनाकर टीम इंडिया की जीत में सबसे बड़ा रोल अदा किया।
हरारे। भारत की टी20 टीम के लिए आखिरकार हार का सिलसिला खत्म हो गया है। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार 6 मैच हारने के बाद भारत ने जिम्बाब्वे को 7 विकेटों से रौंदकर सीरीज का आगाज कर दिया है। इस जीत के सबसे बड़े हीरो 15 साल के वैभव सूर्यवंशी रहे, उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर की पहली फिफ्टी लगाकर टीम इंडिया को जीत में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मुकाबले में मेजबानों ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 126 रन का लक्ष्य निर्धारित किया था। जिसे भारत ने 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।
इंग्लैंड के खिलाफ पहली 3 पारियों में 14,13 और 15 रन बनाने के बाद वैभव सूर्यवंशी को आखिरी मुकाबले से ड्रॉप कर दिया गया था। जिसके बाद सभी की नजरें उनके ऊपर टिकी हुई थी। वैभव ने अबकि बार भारतीय समर्थकों को निराश नहीं किया। अभिषेक शर्मा (1) के 23 रन के संयुक्त स्कोर पर आउट होने के बाद भी सूर्यवंशी ने गेंदबाजों पर प्रहार करना जारी रखा। उन्होंने 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ा, जिसमें 4 चौके और इतने ही सिक्स शामिल थे। जब 15 वर्षीय बल्लेबाज आउट हुआ तो भारत ने 6.2 ओवर में 68 रन बना लिए थे। फिर ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने क्रमश: 35 और 28 रन बनाकर जीत की दहलीज पार करवाई।
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में भारतीय गेंदबाजी की धार भी देखने को मिली। सिर्फ 32 के स्कोर पर जिम्बाब्वे ने 4 बल्लेबाजों को गंवा दिया था। अंत में रयान बर्ल (26), वेस्ले मधेवेरे (39) और तदिवनाशे मारुमानी (27) के बूते 125 रन बनाए। मयंक यादव और प्रिंय यादव ने अपने 4 ओवर के स्पेल में क्रमश: 18 और 19 रन बनाकर 2-2 विकेट लिए। वहीं रवि बिश्नोई और शिवम दुबे को भी 1-1 सफलता मिली। अपना पहला मैच खेल रहे अशोक शर्मा ही ऐसे गेंदबाज रहे जिनके खाते में कोई विकेट नहीं आया। हाल के दिनों में भारतीय गेंदबाजी सवालों के घेरे में रही थी। जिसके बाद इसे सराहनीय प्रदर्शन कहा जा सकता है।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए इस जीत के मायने खास है। यह भारतीय जर्सी में बतौर कप्तान उनकी पहली जीत है। 1-0 की बढ़त के साथ अब टीम इंडिया सीरीज जीत की ओर बड़ा कदम बढ़ा चुकी है। दूसरा मुकाबला 25 जुलाई को हरारे स्पोर्टस क्लब में ही खेला जाने वाला है।न