सनातन रक्षा ट्रस्ट के दीपावली मिलन में गूंजी वैदिक स्वर लहरियां, सौ मिलन केंद्र बनाने का लक्ष्य घोषित

आगरा। सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण और संगठन की भावना से प्रेरित सनातन रक्षा ट्रस्ट (रजि.) का दीपावली मिलन समारोह शाहगंज स्थित कार्यालय पर हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण, दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कविताओं के बीच ट्रस्ट ने ‘एक भारत, जागृत सनातन’ का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने सनातन धर्म की जीवंतता, आत्मजागरण और सामाजिक एकता पर जोर दिया।

Oct 26, 2025 - 14:31
 0
सनातन रक्षा ट्रस्ट के दीपावली मिलन में गूंजी वैदिक स्वर लहरियां, सौ मिलन केंद्र बनाने का लक्ष्य घोषित
शाहगंज स्थित “सनातन रक्षा ट्रस्ट (रजि.)” के कार्यालय पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में उपस्थित मुख्य वक्ता भवेंद्र शर्मा, डॉ. हरिशंकर, डॉ. अनुराग, रविंद्र जैन, मोहित सक्सेना और रामसिया विकास।

भारत माता और प्रभु श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण डॉ. हरिशंकर, भवेंद्र शर्मा, डॉ. अनुराग, और रविंद्र जैन द्वारा किया गया। अतिथियों का स्वागत रामसिया विकास, मनोज सबनानी, मदनलाल और अनुपम ने किया।

कार्यक्रम में सनातन रोजगार केंद्र से जुड़े कारीगरों की भी उपस्थिति रही। कवि मोहित सक्सेना ने अपनी राष्ट्रप्रेम से भरी ओजस्वी कविता के माध्यम से सभा में उत्साह और भावनात्मक ऊर्जा का संचार किया। डॉ. अनुराग ने सनातन रक्षा मिलन के प्रमुखों का परिचय देते हुए रोजगार केंद्र की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी।

सतीश चंद्र गुप्ता ने समाज को जोड़ने में सनातन मिलन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंच समाज के मूल स्तंभों को फिर से सशक्त करेगा।

भवेंद्र शर्मा ने कहा कि गुरुकुल व्यवस्था आज भी समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। गुरुकुल से ही बच्चों के संस्कार और आत्मनिर्भरता का निर्माण होता है। डॉ. हरिशंकर ने कहा कि सनातन समाज अब आत्ममुग्धता नहीं, आत्मजागरण के पथ पर चले, क्योंकि यही समय की पुकार है।
रविंद्र जैन ने आह्वान किया कि अपनी परंपराओं और मूल्यों को केवल याद न करें, बल्कि उन्हें जीवन का हिस्सा बनाएं।

रामसिया विकास ने बताया कि सनातन रक्षा ट्रस्ट अब तक 23 मिलन केंद्र बना चुका है और लक्ष्य 100 मिलन केंद्र स्थापित करने का है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज कुम्भ 2025 की चेतना को अब पूरे देश में फैलाने का प्रयास ट्रस्ट कर रहा है।

संस्था का उद्देश्य केवल धार्मिक उत्थान नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग लोहार, बढ़ई, कुम्हार, दर्जी, नाई, पुरोहित, मिस्त्री आदि को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाना है।

ट्रस्ट की योजनाओं में नियमित सनातन मिलन केंद्र बनाना, समाज के जरूरतमंदों को विधिक, चिकित्सकीय और रोजगार संबंधी परामर्श देना, सामाजिक सुरक्षा और आत्मसम्मान को पुनर्स्थापित करना जैसे कार्य शामिल हैं।

विचार मंथन के उपरांत सनातन जागरूकता यात्रा में भगवान के स्वरूपों को धारण करने वाले बालकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन श्याम तिवारी ने किया।

इस अवसर पर हरिकांत, डॉ. एम.सी. शर्मा, सचिन, शैलेंद्र, प्रदीप, अमित कपूर, प्रमोद आदि ने व्यवस्था संभाली। मिलन प्रमुखों में साकेत, जनार्दन, विवेक गोयल, राहुल शर्मा, अंकुर जैन, अनुपम शर्मा, सुनील टंडन, विनोद सारस्वत, दिनेश गोयल, संजय दीक्षित, मुकेश शर्मा, सुमीत जी और मनोज सबनानी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor