विहिप आगरा विभाग में 16 फरवरी से निकालेगी ‘सामाजिक समरसता यात्रा’
विश्व हिंदू परिषद आगरा विभाग द्वारा 16 फरवरी से ‘सामाजिक समरसता यात्रा’ की शुरुआत की जाएगी। आंवलखेड़ा के गायत्री शक्तिपीठ से प्रारंभ होकर यह यात्रा छह जिलों में भ्रमण करेगी। यात्रा का उद्देश्य हिंदू समाज में जाति-पाति के भेदभाव को समाप्त कर एकता और समरसता का संदेश देना है। संतजन सेवा बस्तियों में संवाद, प्रवचन और सहभोज के माध्यम से सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देंगे।
विश्व हिंदू परिषद ने किया पोस्टर विमोचन, हिंदू एकत्रीकरण और जातिवाद समाप्ति का दिया संदेश
आगरा। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) आगरा विभाग द्वारा हिंदू एकता और सामाजिक समरसता के उद्देश्य से 16 फरवरी से ‘सामाजिक समरसता यात्रा’ निकाली जाएगी। इस यात्रा का पोस्टर विमोचन आंवलखेड़ा स्थित गायत्री शक्तिपीठ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया गया।
प्रेस वार्ता में विहिप के प्रांत संगठन मंत्री राजेश जी ने बताया कि यह यात्रा पंडित श्रीराम जी की पवित्र जन्मस्थली और आचार्य रामश्री की तपोभूमि से प्रारंभ होगी। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज के भीतर आध्यात्मिक चेतना, सद्भाव और एकता का भाव जगाने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है।
जाति-विभाजन के खिलाफ समरसता का संदेश
राजेश जी ने कहा कि वर्तमान समय में कुछ शक्तियां छोटी-छोटी घटनाओं को जाति का रंग देकर हिंदू समाज को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हम सब भारत माता की संतान हैं, हमारी माता एक है, इसलिए समाज में जाति-पाति का कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
यात्रा के माध्यम से संतजन विभिन्न सेवा बस्तियों में जाकर दलित और अनुसूचित समाज के परिवारों से मिलेंगे, उनके घरों में भोजन करेंगे तथा छोटी-छोटी सभाओं के माध्यम से समरस समाज का संदेश देंगे। मंदिरों में विभिन्न जातियों के महापुरुषों के दर्शन भी किए जाएंगे, ताकि सामाजिक समरसता को बल मिल सके।
समरसता यज्ञ और गोष्ठी से होगी शुरुआत
आगरा विभाग के विभाग संगठन मंत्री सुशील ने बताया कि 16 फरवरी को प्रातः 11 बजे समरसता यज्ञ का आयोजन होगा, जिसमें सभी जाति-वर्ग के लोग आहुति देंगे। इसके बाद क्षेत्रीय संगठन मंत्री मुकेश विनायक खांडेकर की अध्यक्षता में समरसता गोष्ठी आयोजित की जाएगी। प्रसाद वितरण के उपरांत नगर में यात्रा का भ्रमण होगा।
यात्रा का पहला चरण चयनित सेवा बस्तियों में प्रवचन और संवाद के साथ होगा। इसके बाद यात्रा बरहन पहुंचेगी, जहां एक सेवा बस्ती में कार्यक्रम आयोजित होंगे। अंत में यात्रा सवाई स्थित सिद्ध गुफा आश्रम में रात्रि विश्राम करेगी, जहां आरती और संत-कार्यकर्ताओं का प्रवास होगा। इसके पश्चात यात्रा आगरा विभाग के अन्य जिलों की ओर प्रस्थान करेगी।
छह जिलों में होगा भ्रमण
प्रांत सह मंत्री राकेश त्यागी ने बताया कि यह समरसता यात्रा आगरा विभाग के छह जिलों में भ्रमण करेगी। यात्रा का उद्देश्य सनातन परंपरा को मानने वाले समाज के बीच जाति, पंथ और भाषा के भेद को समाप्त कर केवल ‘हम हिंदू हैं’ का समरस भाव उत्पन्न करना है।
प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान जिला कार्यकारी अध्यक्ष रोतेंद्र चौहान, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य (सेवा विभाग) रवि त्रिलोकानी, जिला उपाध्यक्ष बनवारी सिंह, जिला मंत्री ध्रुव चौहान, सह मंत्री लवकुश, बजरंगदल सह संयोजक नमित चौहान, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. अरुण बहन जी, समाजसेवी सुनील कुमार, दुष्यंत उर्फ बंटी प्रधान, धर्मवीर सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।