उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस्तीफा देकर देश को चौंकाया, स्वास्थ्य कारणों का हवाला
नई दिल्ली। भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देकर पूरे देश को चौंका दिया है। उन्होंने यह फैसला चिकित्सकीय सलाह और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता के तहत लिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपा।
-संविधान के अनुच्छेद 67(क) के तहत राष्ट्रपति को सौंपा त्यागपत्र, बोले- तत्काल प्रभाव से होगा इस्तीफा स्वीकार
धनखड़ ने अपने त्यागपत्र में संविधान के अनुच्छेद 67(क) का उल्लेख करते हुए यह स्पष्ट किया कि उनका त्यागपत्र तत्काल प्रभाव से प्रभावी होगा।
धनखड़ का भावुक संदेश
धनखड़ ने राष्ट्रपति को संबोधित अपने पत्र में कहा, ‘मैं राष्ट्रपति महोदया के अटूट समर्थन और सहयोग के लिए हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता हूँ। मेरे कार्यकाल के दौरान हमें अत्यंत सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक कार्य संबंध मिले।‘
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मंत्रिपरिषद को भी धन्यवाद देते हुए लिखा- ‘प्रधानमंत्री का सहयोग और मार्गदर्शन अमूल्य रहा, जिससे मैंने बहुत कुछ सीखा।‘
सांसदों के प्रति भावनात्मक शब्दों में उन्होंने कहा- ‘सभी माननीय सांसदों से जो स्नेह, विश्वास और अपनापन मिला, वह मेरी स्मृतियों में सदा अमिट रहेगा।‘
भारत की प्रगति पर गर्व
धनखड़ ने अपने पत्र में भारत की प्रगति की सराहना करते हुए लिखा, ‘यह मेरे लिए गर्व और संतोष का विषय है कि मैंने भारत की असाधारण आर्थिक प्रगति और अभूतपूर्व विकास को देखा और उसमें भाग लिया। इस परिवर्तनशील कालखंड में देश की सेवा करना मेरे जीवन का सौभाग्य रहा।‘
उन्होंने भारत के उज्ज्वल भविष्य पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया और ‘भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा’ पर गर्व जताया।