पर्यावरणविद इंजीनियर उमेश शर्मा पर हमले का मुख्य आरोपी ‘विल्लू’ गिरफ्तार

आगरा। शहर के प्रसिद्ध पर्यावरणविद और ताज ट्रिपेजियम जोन के पूर्व सदस्य इंजीनियर उमेश शर्मा पर सोमवार तड़के हुए हमले के मुख्य आरोपी वीरेंद्र गुप्ता उर्फ विल्लू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दबावों और सिफारिशों को दरकिनार कर यह कार्रवाई की है।

Nov 4, 2025 - 23:20
 0
पर्यावरणविद इंजीनियर उमेश शर्मा पर हमले का मुख्य आरोपी ‘विल्लू’ गिरफ्तार
इंजी. उमेश शर्मा

ताज ट्रिपेजियम जोन के पूर्व सदस्य पर मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ था हमला, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, बाकी आरोपी अब भी फरार

आगरा। शहर के प्रसिद्ध पर्यावरणविद और ताज ट्रिपेजियम जोन के पूर्व सदस्य इंजीनियर उमेश शर्मा पर सोमवार तड़के हुए हमले के मुख्य आरोपी वीरेंद्र गुप्ता उर्फ विल्लू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दबावों और सिफारिशों को दरकिनार कर यह कार्रवाई की है।

घटना सोमवार सुबह करीब 6 बजे की है जब इंजीनियर उमेश शर्मा रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। रास्ते में सड़क किनारे खड़े कुछ लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मामूली विवाद कुछ ही मिनटों में हिंसा में बदल गया।

आरोपियों ने लात-घूंसे से हमला कर दिया और पीछे से किसी ने ईंट से सिर पर वार किया, जिससे उमेश शर्मा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार हुआ। उनके सिर में कई टांके आए हैं।  

पुलिस ने घटना के बाद इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और मुख्य आरोपी की पहचान वीरेंद्र गुप्ता उर्फ विल्लू के रूप में की। टीम ने सक्रियता दिखाते हुए नगला पदी क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके अन्य साथी अब भी फरार हैं जिनकी तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी के प्रभावशाली लोगों ने उसे छुड़ाने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने किसी भी सिफारिश को मानने से इंकार करते हुए न्यायसंगत कार्रवाई की।