आगरा के विनय चौधरी बने किक बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के वाइस चेयरमैन
किरावली, आगरा के खेलप्रेमी विनय चौधरी ने ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा मुकाम हासिल किया है। किक बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने उन्हें निर्विरोध वाइस चेयरमैन नियुक्त किया है, जिससे आगरा ही नहीं बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र के खिलाड़ियों में उत्साह है।
आगरा। खेलों की नई गूंज अब गांव–गांव तक पहुंचाने का जिम्मा आगरा के युवा खेलप्रेमी विनय चौधरी को भी मिला है। किरावली निवासी चौधरी को किक बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया का वाइस चेयरमैन निर्विरोध चुना गया। उनके चयन से ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिलने की उम्मीद और भी मजबूत हुई है।
विनय चौधरी पिछले पाँच वर्षों से रियल कबड्डी लीग से जुड़े हैं और लगातार ग्रामीण खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का कार्य कर रहे हैं। इस उपलब्धि पर केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी का अनुभव और समर्पण खेलों को नई दिशा देगा।