असम के कार्बी आंगलोंग में हिंसा, 173 सुरक्षाकर्मी घायल
असम के वेस्ट कार्बी आंगलोंग जिले के हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में हालात अब सामान्य हो रहे हैं और हाल में हिंसा की कोई नयी घटना नहीं हुई है। इस बीच पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में हुई हिंसा में असम पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स दोनों के कुल 173 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
गुवाहाटी। असम के वेस्ट कार्बी आंगलोंग जिले के हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में हालात अब सामान्य हो रहे हैं और हाल में हिंसा की कोई नयी घटना नहीं हुई है। इस बीच पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में हुई हिंसा में असम पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स दोनों के कुल 173 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। इसमें पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले में दो लोगों की मौत हो गई थी। कार्बी आंगलोंग और पश्चिम कार्बी आंगलोंग के हिंसा प्रभावित ज़िलों में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और किसी भी अप्रिय घटना की कोई रिपोर्ट नहीं है।
असम पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि 22-23 दिसंबर 2025 को पश्चिम कार्बी आंगलोंग के खेरोनी पुलिस स्टेशन के तहत हुई घटनाओं में असम पुलिस और सीआरपीएफ के 173 कर्मी घायल हो गए। 139 को मौके पर ही फर्स्ट एड दिया गया, जबकि 33 को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। सुरक्षा बलों द्वारा जिलों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। निषेधाज्ञा लागू है और इंटरनेट सेवाएं निलंबित हैं।
कार्बी समुदाय के प्रदर्शनकारी 15 दिन से भूख हड़ताल पर थे और वे कथित अवैध निवासियों, जिनमें ज्यादातर बिहार से हैं, को वीजीआर और पीजीआर भूमि से निष्कासित करने की मांग कर रहे थे। ये भूमि दोनों जिलों, कार्बी आंगलोंग और पश्चिम कार्बी आंगलोंग में स्थित हैं। पुलिस द्वारा सोमवार तड़के प्रदर्शन स्थल से तीन प्रदर्शनकारियों को ले जाने के बाद वे हिंसक हो गए। बाद में प्रशासन ने दावा किया कि वह इन तीन प्रदर्शनकारियों को अस्पताल में भर्ती कराने के मकसद से ले गई थी।
पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के खेरोनी क्षेत्र में मंगलवार को भारी हिंसा हुई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। उधर, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को कहा था कि गुवाहाटी हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के कारण कार्बी समुदाय के लोगों की मांग तुरंत स्वीकार नहीं की जा सकती।