पाक में पानी को लेकर हिंसा, सिंध प्रांत के गृह मंत्री का घर फूंका

इस्लामाबाद। पातिस्तान में एक तरफ बलूचिस्तान में जो आज़ादी का आंदोलन चल रहा है, तो वहीं सिंध में पानी को लेकर हाहाकार मच गया है। बलूचिस्तान के सीमाई इलाकों में अशांति चरम पर है तो अब सिंध में उग्र और हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। 

May 21, 2025 - 17:51
 0
पाक में पानी को लेकर हिंसा, सिंध प्रांत के गृह मंत्री का घर फूंका

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ भारत को लेकर कितने भी दावे कर लें, फिर भी उनके आंतरिक हालात की पोल खुल ही जाती है। अलग-अलग हिस्सों में होने वाली आगजनी और बमबारी की घटनाएं कम ही नहीं हो रही हैं। सिंध में पानी के विवाद को लेकर भड़की हिंसा ने इतना तूल पकड़ा कि गुस्साई भीड़ ने सिंध के गृहमंत्री के घर को आग के हवाले कर दिया। यह आज ही हुई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।

सिंध के नॉशेरो फेरोज ज़िले में उस वक़्त माहौल हिंसक हो गया जब क़ौमी तहरीक के कार्यकर्ता और पुलिस के बीच जबरदस्त टकराव हुआ। दरअसल 6 नहरों और कॉर्पोरेट खेती के प्रोजेक्ट्स के खिलाफ़ मंगलवार को नेशनल हाईवे पर धरना देने पहुंचे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। इसमें दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने न सिर्फ गृहमंत्री के घर में आगजनी की, बल्कि वहां जमकर तोड़फोड़ भी मचाई।

खबरों के मुताबिक सिंध प्रांत में पानी की किल्लत को लेकर लोग लंबे समय से नाराज हैं। हालांकि इस वक्त सिंध प्रांत में जिस तरह का माहौल है, उसे देखते हुए इस तरह घटना को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। यहां पर शांतिपूर्ण आंदोलन और प्रदर्शनों के ज़रिये ही सही लेकिन लोग पाकिस्तान से अलग होने की मांग कर रहे हैं।  जय सिंध फ्रीडम मूवमेंट के लोगों ने हाल ही में पाकिस्तान के मुख्य हाईवे पर इस मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया था।