विरासत : कला, शिल्प और संस्कृति का जीवंत उत्सव, डॉ. रंजना बंसल ने आगरा को दिया नया मंच

आगरा। भारतीय कला, शिल्प और संस्कृति को एक सूत्र में पिरोते हुए विरासत – ए प्लेटफॉर्म ऑफ इंडियन आर्ट, क्राफ्ट एंड कल्चर का भव्य शुभारंभ रविवार को संजय प्लेस स्थित अशोक कॉसमॉस मॉल में हुआ। यह आयोजन अशोक आर फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें शहर के अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।

Oct 12, 2025 - 19:41
 0
विरासत : कला, शिल्प और संस्कृति का जीवंत उत्सव, डॉ. रंजना बंसल ने आगरा को दिया नया मंच
संजय प्लेस स्थित अशोक कॉसमॉस मॉल में अशोक आर फाउंडेशन द्वारा आयोजित “विरासत” का रिबन काटकर शुभारंभ करते मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, उप्र लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग, संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, एवं पूरन डावर।

कार्यक्रम का उद्घाटन मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। विशिष्ट अतिथियों में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, तथा फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर शामिल रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर विरासत की शुरुआत की, जो स्थानीय कलाकारों और हस्तशिल्पियों को एक साझा मंच प्रदान करने की दिशा में एक नई पहल है।

कला और संवेदना का संगम

अशोक आर फाउंडेशन एवं आगरा जरदोजी डेवलपमेंट संगठन की संस्थापक डॉ. रंजना बंसल ने कहा कि विरासत कोई आउटलेट नहीं, बल्कि एक जीवंत संवाद है, जहां कला, कलाकार और कलाप्रेमी एक मंच पर मिलते हैं। उन्होंने बताया कि आगरा की पारंपरिक जरदोजी (कृष्णाकारी) कला, अलबास्टर मूर्तिकला, मार्बल इनले वर्क, पीतल कला, लकड़ी के मंदिर, डेकोरेटिव गिफ्ट सेट और हस्तनिर्मित वैवाहिक वस्तुएं यहां प्रदर्शित होंगी।

विरासत से जागेगी परंपरा की पहचान

मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने इस पहल को आगरा की कला को पुनर्जीवित करने वाला प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि भारत में कला की अपार संभावनाएं हैं, किंतु प्रशिक्षित कारीगरों का प्रतिशत मात्र 7% है, इसलिए ऐसे मंच अत्यंत आवश्यक हैं।
लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि कोई भी देश तभी अमर होता है, जब उसकी विरासत जीवित रहती है।
संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार ने घोषणा की कि जल्द ही आगरा की जरदोजी कला को ODOP योजना में शामिल कर जियो टैगिंग प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। वहीं, पूरन डावर ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाएंगे।

ज्ञापन सौंपा गया

इस अवसर पर डॉ. रंजना बंसल ने कृष्णाकारी (जरदोजी) को ‘एक जिला एक उत्पाद (ODOP)’ में शामिल करने और जियो टैगिंग की मांग संबंधी ज्ञापन मंडलायुक्त को सौंपा। इस दौरान संस्था के सदस्य राशि गर्ग, फैजुद्दीन, आयुषी चौबे, अनुराग, बिलाल, नमन उप्रेती, अलर्क लाल, वरुण गुप्ता और अग्रज जैन उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कलात्मक माहौल

शुभारंभ के बाद गणेश वंदना नृत्य, संगीतमय प्रस्तुतियों और ललित कला संस्थान के छात्र मयंक प्रताप द्वारा लाइव पेंटिंग ने दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का संचालन श्रुति सिन्हा ने किया।

कार्यक्रम में अजय अग्रवाल (बीएन ग्रुप), मनीष अग्रवाल रावी, राजीव गुप्ता, राजीव अग्रवाल, सीए अनुज अशोक, डॉ. संदीप अग्रवाल, डॉ. पारुल अग्रवाल, स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह, डॉ. सुशील गुप्ता विभव, डॉ. अपर्णा पोद्दार, पूनम सचदेवा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor