आगरा में शहर भर से उठ रहीं आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता की आवाज़ें, पुतले फूंके गये, कैंडल मार्च

आगरा। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले में निर्दोष श्रद्धालुओं और सुरक्षा बलों की हत्या के खिलाफ आगरा में जनआक्रोश साफ नजर आया। शहर के विभिन्न हिस्सों में नागरिकों, संस्थानों और संगठनों ने कैंडल मार्च, श्रद्धांजलि सभाएं और विरोध प्रदर्शन कर आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता दिखाई।

Apr 24, 2025 - 22:21
 0
आगरा में शहर भर से उठ रहीं आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता की आवाज़ें, पुतले फूंके गये, कैंडल मार्च
पहलगाम आतंकवादी हमले के विरोध में गुरुवार को शहर में हुए विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और कैंडल मार्च की कुछ तस्वीरें।

पूरे शहर में यह संदेश स्पष्ट था कि अब देश चुप नहीं बैठेगा। आतंकवादियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।

आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में रेजीडेंट डॉक्टर एसोसिएशन ने पहलगाम में आतंकवादी घटना में शहीद सुरक्षा कर्मियों एवं पर्यटकों के लिए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया।  इसके बाद मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से कैंडल मार्च निकाला गया।

आतंकवादी हमले में शहीद लोगों को सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता, सर्जरी विभाग के आचार्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ प्रशांत लवानियां, डॉ. टीपी सिंह, डॉ. अंकुर गोयल, डॉ. विकास गुप्ता, डॉ. प्रीति भारद्वाज, डॉ. स्वाति आदि डॉक्टर्स, रेसिडेंट डॉक्टर्स व एमबीबीएस छात्र छात्राओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानाचार्य डॉक्टर प्रोफेसर प्रशांत गुप्ता ने कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता है। डॉक्टर गुप्ता ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए संलिप्त आतंकवादियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉक्टर प्रोफेसर प्रशांत लवानिया ने कहा कि आतंकवादियों के मंसूबों को हमारी सेना कभी कामयाब नहीं होने देगी।

अपर्णा पंचशील अपार्टमेंट निवासियों की श्रद्धांजलि सभा

अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में आवास विकास कॉलोनी स्थित अपर्णा पंचशील अपार्टमेंट के निवासियों ने शहीद श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि दी। स्टेट बैंक चौराहा से पदम प्लाजा तक कैंडल मार्च निकाला गया। श्रद्धांजलि सभा में अरुण गोयल, अतुल पांडे, मनोज कुमार, रूपाली, नीतू, अंजू, कविता जायसवाल, मनीषा, हिमांशी, पूजा मेहरा, अमिता शर्मा आदि नागरिक शामिल हुए।

 महिला शक्ति मंडल का जुलूस

लता रावत के नेतृत्व में महिला शक्ति मंडल ने श्रीराम पार्क से ट्रांस यमुना कॉलोनी तक विशाल जुलूस निकाला। लौटकर श्रीराम पार्क में मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि दी गई और पाकिस्तान का पुतला जलाया गया। प्रदर्शन में आतंकी मंसूबों को कुचलने और पीड़ितों को हर सुविधा देने की मांग की गई।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और ग्रामीणों की भागीदारी

पिनाहट कस्बा बाजार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी कैंडल मार्च निकाला और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाज़ी की। शहीद पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी गई और आतंकियों को नेस्तनाबूद करने की मांग उठाई गई।

भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) का विरोध

भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) ने भी पहलगाम हमले की निंदा की और आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। संगठन ने कहा कि अब पाकिस्तान को सबक सिखाना ही एकमात्र रास्ता है।