‘अच्युतम केशवम्’ से गूंजा वृद्धजन सम्मान भवन, भक्ति, संगीत और संस्कारों की सुरधारा में सराबोर हुई सनातन भक्ति संगीत संध्या
आगरा। पवित्र पुरुषोत्तम अधिक मास के शुभ अवसर पर श्री हरिकृष्ण वृद्धजन सम्मान भवन, पश्चिमपुरी, सिकंदरा में आयोजित तीसरी सनातन भक्ति संगीत संध्या भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम बन गई। रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल (अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन सम्मान समिति) एवं सुभारत संगीत निकेतन, सिकंदरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में भजन, नृत्य और आध्यात्मिक प्रवचनों की ऐसी सुरलहरियां बहीं कि पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भगवान श्रीराम के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन तथा समाजसेवी स्वर्गीय हरिकृष्ण गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि फिरोजाबाद के न्यायिक अधिकारी पंडित मुकेश प्रकाश शर्मा, वृद्धजन सम्मान समिति के अध्यक्ष डॉ. गिरीश गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. वी.डी. अग्रवाल, आगरा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. विनोद माहेश्वरी, एसके गुप्ता, रामेंद्र शर्मा, सुभारत संगीत निकेतन के पंडित देवाशीष गांगुली ‘संगीतेश’, मीता गांगुली, शुभाशीष गांगुली तथा समृद्धि सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सरस्वती वंदना के बाद मुख्य अतिथि पंडित मुकेश प्रकाश शर्मा ने श्रीराम कथा की जीवन में प्रासंगिकता और उसके नैतिक मूल्यों पर सारगर्भित विचार व्यक्त किए। इसके बाद शुरू हुई भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। समृद्धि सिंह, प्रशांत परिहार और उनके साथियों ने लोकप्रिय भजन अच्युतम केशवम् कृष्ण दामोदरम्...की मनोहारी प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। इस प्रस्तुति में वैभव शर्मा, उत्कर्ष तिवारी, निशा गोस्वामी और शांभवी ठाकुर ने भी प्रभावी सहयोग दिया।
रागिनी जैन, प्रतीक्षा जैन, वैभव शर्मा, शांभवी ठाकुर, उत्कर्ष तिवारी और आशी ने इतनी शक्ति हमें देना दाता...तथा शिव स्तुति योगेश्वराय महादेवाय...की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। दीपाली कुमारी ने भगवान कृष्ण की भक्ति पर आधारित भावनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पूजा अग्रहरि और निखिल कुलश्रेष्ठ द्वारा प्रस्तुत युगल भजन राधिका गोरी से...को भी श्रोताओं ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में करीना गोयल ने एक राधा एक मीरा...भजन सुनाकर भक्ति रस बिखेरा, जबकि महेंद्र पाल सिंह ने शास्त्रीय भक्ति संगीत की प्रस्तुति देकर अपनी गायन प्रतिभा का परिचय दिया। बाल कलाकार अयान खान ने ओ पालन हारे...भजन को अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। महिमा सत्संगी ने सूफी गीत चौक पुरावो...सुनाया, वहीं अरमा कुमारी ने राधास्वामी भजन प्रस्तुत किया। निशा शर्मा ने राधा स्वरूप में मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिए।
संगीत संध्या में सुभारत संगीत निकेतन के तृतीय, चतुर्थ एवं पंचम डिप्लोमा वर्ष के विद्यार्थियों ने मधुबन खुशबू देता है...गीत की सामूहिक प्रस्तुति देकर प्रकृति, प्रेम और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया।
इस अवसर पर आयोजित वृद्धजन सम्मान समारोह में दीपांजलि चक्रवर्ती, माया देवी, केशव लवानिया और संजय गुप्ता को उपवस्त्र एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अरमा कुमारी ने प्रभावी ढंग से किया। संगीत निर्देशन पंडित देवाशीष गांगुली ‘संगीतेश’ का रहा, जबकि तबले पर प्रशांत अदक ने कुशल संगति कर प्रस्तुतियों को और अधिक प्रभावशाली बनाया। अंत में डॉ. गिरीश गुप्ता ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।