विस चुनाव से पहले आगरा में वल्नरेबिलिटी मैपिंग शुरू, दबंगों और चुनाव प्रभावित करने वालों पर रहेगी नजर
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आगरा में वल्नरेबिलिटी मैपिंग कराई जाएगी। डीएम मनीष बंसल ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को गांवों और मजरों में जाकर ऐसे मतदाताओं, समूहों और दबंगों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं, जो डर, दबाव या प्रलोभन से मतदान प्रभावित कर सकते हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था की योजना बनाई जाएगी।
डीएम मनीष बंसल ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए निर्देश, भय और दबाव में मतदान कराने वालों की होगी पहचान, संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष सुरक्षा व्यवस्था की बनेगी योजना
आगरा। आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले जिले में वल्नरेबिलिटी मैपिंग कराई जाएगी। इसके तहत उन गांवों, मजरों और मतदाता समूहों की पहचान की जाएगी, जहां दबंगों, बाहुबलियों या अन्य प्रभावशाली लोगों द्वारा मतदाताओं को डराने-धमकाने, दबाव बनाने अथवा प्रलोभन देकर मतदान प्रभावित करने की आशंका है। ऐसे मामलों में जिम्मेदार व्यक्तियों को भी चिह्नित कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेटों को वल्नरेबिलिटी मैपिंग का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें मास्टर ट्रेनरों ने मैपिंग की प्रक्रिया, उद्देश्य और निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट तैयार करने की जानकारी दी।
संवेदनशील मतदाताओं और दबंगों की होगी पहचान
प्रशिक्षण में बताया गया कि वल्नरेबिलिटी मैपिंग का उद्देश्य ऐसे मतदाताओं और क्षेत्रों की पहचान करना है, जहां भय, धमकी, दबाव, प्रलोभन या बाहुबल के कारण लोग अपनी इच्छा से मतदान नहीं कर पाते। सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण कर पिछले चुनावों के रिकॉर्ड, स्थानीय सूचनाओं और क्षेत्रीय परिस्थितियों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करेंगे। इसमें यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि मतदाताओं को प्रभावित करने के पीछे कौन लोग जिम्मेदार हो सकते हैं।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी पुलिस की निगरानी
डीएम मनीष बंसल ने निर्देश दिए कि सेक्टर मजिस्ट्रेट केवल संवेदनशील मतदान केंद्रों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों और मजरों में जाकर ऐसे व्यक्तियों और समूहों की भी पहचान करें, जो मतदान प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र चिह्नित होने के बाद वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाए और उन्हें भरोसा दिलाया जाए कि चुनाव के दौरान बिना किसी डर या दबाव के मतदान करने का पूरा अवसर मिलेगा। वल्नरेबिलिटी पैदा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाए।
मतदान केंद्रों की सुविधाओं का भी होगा सत्यापन
जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित समयसीमा में तथ्यपरक और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। प्रशिक्षण में 1950 मतदाता हेल्पलाइन और सी-विजिल एप की जानकारी भी दी गई। इनके माध्यम से मतदाता चुनाव संबंधी शिकायत और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की सूचना दे सकेंगे।
डीएम ने स्पष्ट किया कि वल्नरेबिलिटी मैपिंग का मकसद प्रत्येक मतदाता को स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का अवसर देना है। चुनाव में किसी भी मतदाता को डराने, धमकाने या प्रभावित करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशिक्षण में एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, एडीएम प्रोटोकॉल अमरेंद्र कुमार वर्मा, अपर पुलिस उपायुक्त राजकुमार सिंह, एसडीएम नरेंद्र गंगवार सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।