वीवीएस लक्ष्मण हो सकते हैं भारतीय टीम के नए चीफ सेलेक्टर, फैसला जल्द संभव , अगरकर का कार्यकाल हो रहा खत्म

बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का बढ़ा हुआ कार्यकाल सितंबर में समाप्त हो रहा है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बीसीसीआई वीवीएस लक्ष्मण को नया चीफ सेलेक्टर बनाने पर विचार कर रहा है। यदि लक्ष्मण यह पद संभालते हैं, तो उन्हें मौजूदा पे-स्ट्रक्चर के तहत 3 करोड़ रुपये सालाना सैलरी मिलेगी। वर्तमान में लक्ष्मण 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' के हेड हैं और कार्यवाहक कोच की भूमिका निभाते रहे हैं। जल्द ही बीसीसीआई अगरकर के एक्सटेंशन या लक्ष्मण की नियुक्ति पर फैसला लेगा।

Aug 5, 2026 - 20:35
 0
वीवीएस लक्ष्मण हो सकते हैं भारतीय टीम के नए चीफ सेलेक्टर, फैसला जल्द संभव , अगरकर का कार्यकाल हो रहा खत्म

नई दिल्ली। बीसीसीआई के भीतर इन दिनों नए चीफ सेलेक्टर को लेकर सरगर्मी काफी बढ़ गई है। मौजूदा चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म होने के कगार पर है और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बीसीसीआई का एक तबका वीवीएस लक्ष्मण को इस अहम पद पर लाने की योजना पर विचार कर रहा है। अगर ऐसा होता है, तो भारतीय क्रिकेट चयन समिति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अजीत अगरकर को जुलाई 2023 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का चीफ सेलेक्टर नियुक्त किया गया था। उनका तय कार्यकाल इस साल जून में ही समाप्त हो चुका था। हालांकि, बोर्ड ने आगामी दौरों और टीम के स्थायित्व को ध्यान में रखते हुए उनके कार्यकाल को तीन महीने के लिए आगे बढ़ा दिया था। यह बढ़ा हुआ समय भी अब सितंबर में पूरा होने जा रहा है।

पहले क्रिकेट गलियारों में इस बात की पुरजोर चर्चा थी कि बीसीसीआई अजीत अगरकर के कार्यकाल को वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक विस्तार दे सकती है. लेकिन एक रिपोर्ट के बाद समीकरण बदलते दिख रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, चयन समिति में नया चेहरा लाने की सुगबुगाहट तेज है और इस रेस में वीवीएस लक्ष्मण का नाम सबसे आगे चल रहा है।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि अगर वीवीएस लक्ष्मण  टीम इंडिया के मुख्य चयनकर्ता का पद संभालते हैं, तो उन्हें सालाना कितना वेतन मिलेगा? इस सवाल का जवाब जानने के लिए चयनकर्ताओं के मौजूदा पे-स्ट्रक्चर को समझना होगा। तीन साल पहले तक भारतीय टीम के चीफ सेलेक्टर को सालाना 1 करोड़ रुपये की सैलरी मिलती थी लेकिन बीसीसीआई ने इस पद की जिम्मेदारी और महत्ता को देखते हुए तीन साल पहले ही सैलरी स्ट्रक्चर में बड़ा इजाफा किया था। इस बढ़ोतरी के बाद मुख्य चयनकर्ता का सालाना पैकेज बढ़ाकर 3 करोड़ रुपये कर दिया गया था। अजीत अगरकर इस बढ़े हुए 3 करोड़ रुपये के सालाना पैकेज को पाने वाले देश के पहले चीफ सेलेक्टर बने थे। फिलहाल चीफ सेलेक्टर की सैलरी में किसी नई बढ़ोतरी की कोई आधिकारिक रिपोर्ट या प्रस्ताव नहीं है। ऐसे में यदि वीवीएस लक्ष्मण बोर्ड का यह प्रस्ताव स्वीकार करते हैं और चीफ सेलेक्टर बनते हैं, तो उन्हें भी बतौर मुख्य चयनकर्ता सालाना 3 करोड़ रुपये की ही सैलरी मिलेगी। वहीं, चयन समिति के अन्य चार सदस्यों को सालाना 90 लाख रुपये का वेतन दिया जाता है।

वीवीएस लक्ष्मण वर्तमान में बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (पूर्व में नेशनल क्रिकेट एकेडमी) के हेड के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। हालांकि, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख के तौर पर उनके सटीक सालाना वेतन का कोई आधिकारिक ब्योरा सार्वजनिक नहीं है, लेकिन यह पद भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली पदों में से एक माना जाता है। इसके अलावा, लक्ष्मण भारतीय सीनियर टीम के कार्यवाहक हेड कोच की भूमिका भी बखूबी निभाते रहे हैं। जब भी मुख्य कोच को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया जाता है, तो लक्ष्मण टीम के साथ दौरे पर जाते हैं।