पुजारी हत्याकांड का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में दबोचा, पैर में लगी गोली

आगरा। आगरा जनपद के थाना पिनाहट क्षेत्र अंतर्गत विप्रावली के बीहड़ में हुए मंदिर के पुजारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज मामले में वांछित चल रहे आरोपी बच्चू को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई थाना पिनाहट पुलिस टीम और सर्विलांस सेल, पूर्वी जोन की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

Jan 11, 2026 - 12:06
 0
पुजारी हत्याकांड का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में दबोचा, पैर में लगी गोली
हत्यारे को पकड़ने के बाद पुलिस टीम के साथ जानकारी देते एसीपी।

आगरा। आगरा जनपद के थाना पिनाहट क्षेत्र अंतर्गत विप्रावली के बीहड़ में हुए मंदिर के पुजारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज मामले में वांछित चल रहे आरोपी बच्चू को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई थाना पिनाहट पुलिस टीम और सर्विलांस सेल, पूर्वी जोन की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार 27 दिसंबर 2025 को पिनाहट क्षेत्र में एक पुजारी  की निर्मम हत्या की गई थी, जिसके बाद से आरोपी बच्चू फरार चल रहा था। शुक्रवार देर रात 11 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बीहड़ इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की।

खुद को घिरता देख आरोपी बच्चू ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू में लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

मुठभेड़ के बाद आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद हत्याकांड से जुड़े अन्य अहम सुराग भी सामने आने की संभावना है।
इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) पिनाहट गिरीश कुमार ने की। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच गहनता से जारी है।