बारामती हादसे के बाद सपा में चिंता की लहर: आगरा से की गई पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से हवाई यात्राएं टालने की भावुक अपील
आगरा। महाराष्ट्र के बारामती में हुए भीषण विमान हादसे में उप मुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत के बाद देश की राजनीति में शोक के साथ-साथ डर और चिंता भी गहराती जा रही है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के भीतर से एक बेहद भावुक और संवेदनशील आवाज़ आगरा से उठी है, जहां सपा के पूर्व प्रदेश सचिव एवं अधिवक्ता अवनींद्र यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से हवाई यात्रा को लेकर विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक उड़ानों से बचने का आग्रह किया है।
आगरा से समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अवनींद्र यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को एक भावनात्मक पत्र लिखते हुए न केवल इस हादसे पर गहरा दुख जताया, बल्कि हवाई यात्रा को लेकर गंभीर चिंता भी प्रकट की। पत्र में उन्होंने लिखा कि अजित पवार समेत पांच लोगों की असमय मौत से सभी समाजवादी अत्यंत दुखी हैं और इस हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं।
पत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष से विशेष आग्रह किया गया है कि जब तक अत्यंत आवश्यक न हो, हवाई यात्रा को टालने का प्रयास करें। उन्होंने लिखा कि वर्तमान समय में समाजवादी पार्टी को राष्ट्रीय अध्यक्ष की सबसे अधिक आवश्यकता है और उनके जैसा मजबूत व प्रभावशाली नेतृत्व पार्टी के पास कोई दूसरा नहीं है। ऐसे में उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है।
अवनींद्र यादव ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि देश पहले भी कई बड़े नेताओं को विमान हादसों में खो चुका है, जिससे कार्यकर्ताओं और समर्थकों के मन में डर बैठ गया है। बारामती की घटना ने इस भय को और गहरा कर दिया है। इसी कारण उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से यह अपील की कि यदि हवाई यात्रा अत्यंत जरूरी हो, तो उड़ान से पहले विमान की तकनीकी जांच से जुड़े प्रमाण पत्र अवश्य देखे जाएं या उनकी पुष्टि कर ली जाए।
पत्र के माध्यम से केंद्र सरकार से भी मांग की गई है कि देश के प्रमुख नेताओं की जान-माल की सुरक्षा के लिए ठोस और सख्त नियम बनाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।