गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व पर आगरा में छाई श्रद्धा और उत्साह की लहर
आगरा। सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 556वें प्रकाश पर्व का उत्सव आगरा में पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सिख धर्म की केंद्रीय संस्था श्री गुरु सिंह सभा, माईथान की ओर से 5 नवंबर को भव्य कीर्तन समागम का आयोजन किया जा रहा है।
गुरुद्वारा माईथान व कलगीधर सदर बाजार में होंगे भव्य कीर्तन दरबार, लुधियाना से आए रागी जत्थे करेंगे संगत को निहाल
आगरा। सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 556वें प्रकाश पर्व का उत्सव आगरा में पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सिख धर्म की केंद्रीय संस्था श्री गुरु सिंह सभा, माईथान की ओर से 5 नवंबर को भव्य कीर्तन समागम का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन सभा के प्रधान कमलदीप सिंह और हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा माईथान में प्रातः 6:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक दिव्य कीर्तन दरबार सजेगा, जिसकी शुरुआत अखंड कीर्तनी जत्थे के भाई जसपाल सिंह द्वारा आसा दी वार के गायन से होगी।
इसके पश्चात हजूरी रागी भाई विजेंद्र सिंह और भाई जोगिंदर सिंह कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लुधियाना से आए प्रसिद्ध रागी भाई बलकार सिंह जी होंगे, जो अपनी अमृतमयी वाणी से संगत को निहाल करेंगे।
चेयरमैन परमात्मा सिंह अरोड़ा ने बताया कि गुरु नानक देव जी का गुरुद्वारा माईथान से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। माना जाता है कि उन्होंने यहां माता जैसी को दर्शन दिए थे और कुछ समय प्रवास भी किया था। मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह ने जानकारी दी कि गुरुद्वारा माईथान आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था बीपी ऑयल मिल में की गई है।
शाम का मुख्य दीवान गुरुद्वारा श्री कलगीधर, सदर बाजार में आयोजित होगा। यहां भी भाई बलकार सिंह जी, सदर गुरुद्वारा के हजूरी रागी जत्थे और अन्य धर्म प्रचारक संगत को कीर्तन सुनाएंगे। पार्किंग की सुविधा माना मंडपम में रहेगी। दोनों गुरुद्वारों में कीर्तन समागम के बाद गुरु का अटूट लंगर वितरित किया जाएगा, साथ ही विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर बंटी ओबेरॉय, बबलू अर्शी, वीरेंद्र सिंह वीरे, बंटी ग्रोवर, रौनक अरोड़ा, प्रवीण अरोड़ा, सतविंदर सिंह, हरमिंदर पाल सिंह, सनी अरोड़ा, रक्षपाल सिंह सहित कई संगत सदस्य उपस्थित रहे।