आगरा में राम नवमी पर इस्कॉन मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 108 कलशों से हुआ श्रीराम अभिषेक
आगरा के कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में राम नवमी महामहोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर को पुष्पों और सतरंगी रोशनी से सजाया गया तथा भगवान जगन्नाथ, बलदाऊ और सुभद्रा का विशेष श्रृंगार किया गया। संध्या काल में मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने राम रक्षा स्तोत्र, दशावतार स्तोत्र और श्रीरामजन्मोत्सव कथा का पाठ किया। इसके बाद पंचगव्य व पंचामृत के 108 कलशों से सियाराम और लक्ष्मण का विधि-विधान से अभिषेक किया गया। पूरे मंदिर परिसर में हरे राम, हरे कृष्ण संकीर्तन और श्रीराम के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा। अंत में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आगरा। श्रीजगन्नाथ मंदिर में आज मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की महिमा गूंजी। रामजन्मोत्सव की कथा में शिवजी द्वारा श्रीराम की स्तुति में हर भक्त भक्ति में सराबोर नजर आया। श्रीहरि की कीर्तन पर नाचते गाते भक्तों ने श्रीराम की महिमा का गुणगान किया। पंचामृत व पंचगव्य के साथ पुष्पों से राम दरबार का विधि विधान के साथ अभिषेक किया गया। जिसमें विशेष रूप से श्रीहरि के प्रिय पारिजात (हर श्रंगार) के पुष्पों के साथ गुलाब, गेंदा, जाफरी के पुष्प थे।
कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में राम जन्म के पावन अवसर पर आज राम नवनी महामहोत्सव का आयोजन किया गया। भगवान जगन्नाथ, बलदाऊ व बहन सुभद्रा का आज विशेष श्रंगार किया गया। मंदिर को पुष्पों व सतरंगी रोशनी से सजाया गया। प्रातः मंगला आरती व श्रंगार आरती की गई। संध्या काल में इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने राम रक्षा स्त्रोत, दशावतार स्त्रोत पाठ के साथ श्रीरामजन्मोत्सव कथा का पाठ किया। शिवजी द्वारा की गई श्रीराम की स्तुति भी गाई गई। संध्या आरती के उपरान्त पंचगव्य व पंचामृत के 108 कलशों से सियाराम व भाई लक्ष्मण का अभिषेक कर आरती की गई।
इस अवसर मंदिर परिसर में हरे राम, हरे कृष्णा... संकीर्तन के साथ श्रीराम के जयकारे भी खूब गूंजे। अंत में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, संजीव बंसल, संजय कुकरैजा, ओमप्रकाश अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, अदिति गौरांगी, शाश्वत नंदलाल, सूरज, राजीव मल्होत्रा आदि उपस्थित थे।