मिलजुल कर करेंगे प्रभु श्रीराम का काम: जनकपुरी महोत्सव समिति की बैठक में लिया संकल्प
आगरा। कमला नगर स्थित जनकपुरी महोत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को राज्यसभा सांसद एवं समिति के मुख्य संरक्षक नवीन जैन और मार्गदर्शक दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राकेश गर्ग के सान्निध्य में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सभी प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
– प्रेम, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ भव्य आयोजन की तैयारी
बैठक में समिति के महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल एवं संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल ने सभी के समक्ष यह स्पष्ट किया कि अब समिति में किसी भी प्रकार का विवाद नहीं होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल के नेतृत्व में सभी सदस्य कंधे से कंधा मिलाकर भगवान श्रीराम के कार्यों को अंजाम देंगे।
सभी ने निर्णय लिया कि महोत्सव की हर गतिविधि में पारदर्शिता, अनुशासन और मर्यादा का पूर्ण पालन होगा। प्रेम और सौहार्द की भावना के साथ आयोजन को जनहितकारी और समाज को जोड़ने वाला बनाया जाएगा। सभी सदस्यों की आपसी सहमति और सहयोग से जनकपुरी महोत्सव को इस वर्ष और भी अधिक भव्य और स्मरणीय बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि समिति किसी भी निर्णय या कार्यक्रम में लोक सहभागिता को प्राथमिकता देगी, जिससे जनकपुरी सिर्फ धार्मिक आयोजन न रहकर सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बन सके।
ज्ञातव्य है कि कल तक ऐसी खबरें थीं कि महोत्सव समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल के खिलाफ दोनों पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर अध्यक्ष को हटाने की मुहिम भी शुरू कर दी गई थी। बात ज्यादा बढ़ती, इससे पहले ही आज बैठक कर मतभेद दूर कर लिए गये।