पत्नी के “ना” कहने पर आगबबूला पति बना जल्लाद, हसिया से गला रेतकर उतारा मौत के घाट
आगरा। पिनाहट थाना क्षेत्र के गाँव झोरियां में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कलूटा नामक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी उर्मिला (38 वर्ष) की हसिया से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
आगरा। पिनाहट थाना क्षेत्र के गांव झोरियां में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कलूटा नामक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी उर्मिला (38 वर्ष) की हसिया से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
कलूटा और उर्मिला की शादी 18 साल पहले हुई थी। दंपति के छह बच्चे (तीन लड़के और तीन लड़कियाँ) हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कलूटा अक्सर छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाता था और दोनों के बीच विवाद होता रहता था। सोमवार को मामूली कहासुनी के बाद कलूटा ने आपा खो दिया और खेतों में काम आने वाली धारदार हसिया से पत्नी का गला काट दिया।
हत्या के बाद आरोपी घर से बाहर निकल गया, जबकि खून से लथपथ माँ को देख बच्चे दहशत में आ गए और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। थोड़ी ही देर में सूचना मिलते ही एसीपी गिरीश कुमार सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुँच गया।
पुलिस ने आरोपी कलूटा को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में उसने कहा कि पत्नी उसकी बात नहीं मानती थी। वह कहता था पानी लाओ तो पानी नहीं लाती, सब्जी बनाओ तो दूसरी बना देती, और जिन लोगों से बात करने से मना करता था, उनसे बात करती थी। इसी बात से नाराज़ होकर उसने हत्या कर दी।
मौके पर फॉरेंसिक टीम भी जांच के लिए बुला ली गई । पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।