डब्ल्यूएचओ और यूनिसेफ की टीम ने किया बाह के हेल्थ सेंटर्स का निरीक्षण
पिनाहट। वर्ल्ड हेल्थ आर्गनाइजेशन, यूनिसेफ और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों ने आज बाह तहसील के आयुष्मान आरोग्य मंदिर बसई अरेला और फरैरा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। इलाज के लिए पहुंचे लोगों से बातचीत भी की।
आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्रों पर टीम के पहुंचने से पहले ही सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा चुकी थीं। केंद्रों पर तैनात स्वास्थ्यकर्मी सतर्क दिखे।
टीम के सदस्यों ने मरीजों से बातचीत के अलावा आशा वर्कर्स से सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में पूछताछ भी की। दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में रजिस्टर, डिलीवरी कक्ष और ओपीडी का भी निरीक्षण किया।
जांच टीम ने स्वास्थ्य कर्मियों को दिए जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। टीम के सदस्यों ने मरीजों से सवाल किए कि उन्हें दवाइयां कहां से मिल रही हैं। अस्पताल परिसर में सफाई कितनी बार की जाती है। चिकित्सकों का क्या रवैया रहता है। उनका स्वास्थ्य परीक्षण कितनी बार किया जाता है। मरीजों द्वारा इमरजेंसी के बारे में सब कुछ टीम को नोट कराया गया। इस दौरान पिनाहट, और बाह स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी भी मौजूद रहे।
ज्ञातव्य है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आवंटित धनराशि और सुविधाओं की समीक्षा के लिए सीआरएम की टीम द्वारा जनपद के सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं निरीक्षण किया जा रहा है।
सीआरएम की टीम विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों, उप केंद्रों, सीएचसी पर पहुंच रही है। जांच टीम में केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के अलावा वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन और यूनिसेफ के सदस्य भी शामिल हैं।