मस्जिद मामले में भाजपा विधायक को धरने पर क्यों बैठना पड़ा?

बरेली। जिले के कुलडिया थाना क्षेत्र के केला दांडी गांव में अवैध रूप से बनाई जा रही एक मस्जिद का निर्माण रुकवाने को क्षेत्रीय विधायक को धरने पर बैठना पड़ गया। विधायक का आरोप है कि इलाका पुलिस अवैध मस्जिद का निर्माण करा रही है।

Sep 28, 2024 - 18:28
 0
मस्जिद मामले में भाजपा विधायक को धरने पर क्यों बैठना पड़ा?
बरेली के केला दांडी गांव में मस्जिद की अवैध रूप से बनाई गई दीवार, जिसे तोड़ने पर तनाव पैदा हो गया है।

इधर गांव के कुछ लोगों ने मस्जिद के कथित अवैध निर्माण की एक दीवार का कुछ हिस्सा गिरा दिया तो गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। 

मस्जिद का अवैध निर्माण रुकवाने के लिए धरने पर  नवाबगंज के भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य  बैठे थे। उनके साथ भाजपा कार्यकर्ता और हिंदू समुदाय के सैकड़ों लोग भी शामिल थे। सूचना मिलने पर रात में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस अभी भी गांव में गश्त कर रही है। विवादित मस्जिद का निर्माण कार्य अब रुका हुआ है।

बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि केला दांडी गांव में अवैध धर्मस्थल का निर्माण करने का आरोप लगाकर दीवार गिराने से विवाद की स्थिति बनी है। यह खुराफात करने वाले 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके पर अब शांति है।

उधर भाजपा के विधायक डॉ एमपी आर्य का कहना है कि स्थानीय पुलिस की मदद से गांव में अवैध मस्जिद का निर्माण किया गया है, जिससे आसपास के गांवों में गुस्सा है। लोग पुलिस प्रशासन के रवैए से नाराज होकर प्रदर्शन कर रहे हैं ।

करीब चार महीने पहले भाजपा नेताओं ने गांव में अवैध मस्जिद निर्माण की शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने निर्माण कार्य को रोक दिया था और मस्जिद के निर्माण स्थल पर ताला लगवा दिया था।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि रात में चोरी-छिपे मस्जिद का निर्माण फिर से शुरू कर दिया गया और इसमें पुलिस प्रशासन की मिलीभगत है।

SP_Singh AURGURU Editor