बांग्लादेश में हिन्दुओं की हत्या पर सरकार मौन क्यों? सपा का तीखा सवाल, कूटनीतिक हस्तक्षेप की मांग

आगरा। समाजवादी पार्टी के आगरा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने बांग्लादेश में हिन्दू अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित हमलों, हत्याओं और उत्पीड़न की घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए भारत सरकार की चुप्पी पर कड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल पड़ोसी देश का नहीं, बल्कि मानवाधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा गंभीर विषय है, जिस पर भारत जैसे विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को स्पष्ट और प्रभावी रुख अपनाना चाहिए।

Jan 11, 2026 - 13:36
 0
बांग्लादेश में हिन्दुओं की हत्या पर सरकार मौन क्यों? सपा का तीखा सवाल, कूटनीतिक हस्तक्षेप की मांग

शब्बीर अब्बास ने कहा कि बीते कुछ महीनों से बांग्लादेश के विभिन्न क्षेत्रों से हिन्दू समुदाय के विरुद्ध हिंसा, आगजनी, लूटपाट और मंदिरों को नुकसान पहुँचाने की लगातार खबरें सामने आ रही हैं। इन घटनाओं में कई निर्दोष लोगों की जान गई है और भय के वातावरण के चलते अनेक हिन्दू परिवारों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा है। महिलाओं और बच्चों में असुरक्षा की भावना लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता का पक्षधर रहा है। ऐसे में बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचारों पर केंद्र सरकार की चुप्पी समझ से परे है। शब्बीर अब्बास ने मांग की कि भारत सरकार तत्काल बांग्लादेश सरकार से कूटनीतिक स्तर पर संवाद करे और वहाँ के हिन्दू अल्पसंख्यकों की जान-माल तथा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए ठोस कदम उठाए।

उन्होंने यह भी कहा कि इस गंभीर विषय को संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार मंचों पर उठाया जाना चाहिए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो। शब्बीर अब्बास ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी का यह रुख किसी देश, धर्म या समुदाय के विरुद्ध नहीं, बल्कि मानवता, शांति और अल्पसंख्यक अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से है।

अंत में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने इस संवेदनशील और गंभीर मुद्दे पर अब भी मौन बनाए रखा, तो यह न केवल पीड़ितों के साथ अन्याय होगा, बल्कि भारत की वैश्विक छवि और नैतिक नेतृत्व पर भी प्रश्नचिह्न खड़े करेगा।

SP_Singh AURGURU Editor