दिवाली बाद भी बंद नहीं हुए कूलर—एसी, कभी नवंबर में निकल आती थी रजाई! आगरा से सर्दी गायब कहां हो गई ?

आगरा। नवंबर का महीना शुरू हो गया है। हर साल अभी तक लोगों के गर्म कपड़े निकल जाते थे लेकिन इस साल नवंबर में भी अभी सर्दी शुरू नहीं हुई है। दिन में अभी भी लोगों का पसीना छूट रहा है। हालांकि सूरज की तशिप कुछ धीमी हुई है लेकिन सर्दी का अहसास बस सुबह—शाम ही हो रहा है। दिन में गर्मी बनी हुई है। ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है कि दिवाली बाद भी तमाम लोगों ने एसी—कूलर नहीं हटाए हैं। ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि आखिर आगरा से सर्दी गायब कहां हो गई ?

Nov 6, 2024 - 19:33
 0
दिवाली बाद भी बंद नहीं हुए कूलर—एसी, कभी नवंबर में निकल आती थी रजाई! आगरा से सर्दी गायब कहां हो गई ?

दिवाली के बाद तापमान में भले थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन सर्दी का सीजन शुरू नहीं हुआ है। लोग अब परेशान हैं कि दिवाली के बाद भी आगरा से सर्दी गायब क्यों हैं? जानकारों के अनुसार, सर्दी के लिए करीब दस दिन तक और इंतजार करना पड़ सकता है। आगरा में सर्दी लाने वाले सभी कारक अभी इनएक्टिव हैं। हालांकि बुधवार यानि आज इस सीजन की सबसे कम विजिबिलिटी रही। दिन में सूरज के तेवर कुछ नर्म दिखाई दिए, लेकिन इसकी वजह बढ़े हुए प्रदूषण को भी माना जा रहा है। ऐसे में सर्दी की वजह से सूरज की तपिश कम थी यह अभी स्पष्ट नहीं है। 

मौसम के जानकारों की मानें तो नवंबर की शुरुआत में सामान्य तौर पर न्यूनतम तापमान 15 डिग्री या इससे नीचे रहता है। लेकिन इस बार पहले पांच दिनों में यह 18 डिग्री के स्तर को ही छू पाया है। हवा में जो हल्की ठंडक महसूस हो रही थी, वह भी अब नहीं है। नवंबर के पांचों दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री तक अधिक रहा। आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह का बना रहेगा।

आईएमडी के अनुसार आज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस है। गुरूवार को भी यह ऐसे ही बना रहेगा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस पर आएगा लेकिन अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस ही रहेगा। शनिवार को अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और यह 31 से घटकर 30 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा। इससे हल्की ठंड महसूस होगी लेकिन उतनी ठंड अभी भी नहीं पड़ेगी। 


अगले दस दिनों में न्यूनतम तापमान 17 से और अधिकतम 30 डिग्री तक ही रह सकता है। सुबह के समय मौसम धुंधला और हल्का कोहरे वाला रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है।

SP_Singh AURGURU Editor