आगरा में दीवानी के मध्यस्थता केंद्र पर पत्नी ने पति पर की थप्पड़ों की बौछार, मुकदमा दर्ज

आगरा। जिले की दीवानी अदालत स्थित मध्यस्थता केंद्र आज उस समय विवाद का केंद्र बन गया जब तलाक के मुकदमे को लेकर बातचीत करने पहुंचे दंपति के बीच बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसके बाद पत्नी ने पति को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए, जिससे मौके पर मौजूद लोग भी दंग रह गए।

Jun 30, 2025 - 14:17
 0
आगरा में दीवानी के मध्यस्थता केंद्र पर पत्नी ने पति पर की थप्पड़ों की बौछार, मुकदमा दर्ज

वकीलों और पुलिस ने बचाया पति को

घटना के दौरान हंगामा इतना बढ़ गया कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और वकीलों को हस्तक्षेप करना पड़ा। किसी तरह से उन्होंने पति ओपेंद्र को भीड़ से अलग कर सुरक्षित बाहर निकाला। यह पूरा मामला न्यायिक परिसर में होने से चर्चा का विषय बना रहा।

पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

मैनपुरी जिले के थाना दन्नाहार क्षेत्र के भगपुर गांव निवासी ओपेंद्र ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने योजनाबद्ध तरीके से उसे बुलाकर हमला किया। ओपेंद्र ने थाना न्यू आगरा में तहरीर देकर पत्नी पर हमला करने, गाली-गलौज और मानहानि का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तलाक केस को लेकर थी दोनों में अनबन

बताया गया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है और पत्नी की ओर से तलाक का केस कोर्ट में दायर किया गया है। उसी सिलसिले में दोनों को मध्यस्थता केंद्र में आमने-सामने बैठाकर काउंसलिंग प्रोसेस चल रही था, लेकिन वहां बात सुलझने के बजाय और बिगड़ गई।

घटना के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा कि अगर न्यायिक परिसर में इस तरह की घटनाएं होंगी तो बाकी पक्षकारों और वकीलों की सुरक्षा पर सवाल उठना लाज़मी है।

SP_Singh AURGURU Editor