विश्व पर्यावरण दिवस पर वाइल्डलाइफ एसओएस का हरित अभियान, 2000 पौधे लगाकर दिया संरक्षण का संदेश

मथुरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वाइल्डलाइफ एसओएस ने मथुरा में वृक्षारोपण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण तथा वन्यजीव संवर्धन का संदेश दिया। संगठन ने 2000 देशी प्रजातियों के पौधे लगाकर पारिस्थितिक संतुलन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।

Jun 5, 2026 - 22:23
 0
विश्व पर्यावरण दिवस पर वाइल्डलाइफ एसओएस का हरित अभियान, 2000 पौधे लगाकर दिया संरक्षण का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण करते वाइल्डलाइफ एसओएस के लोग।

वृक्षारोपण अभियान के तहत 300 जामुन, 300 अनार, 100 अमरूद, 300 शहतूत, 300 इमली, 300 नीम, 200 अंजीर तथा 200 कटहल के पौधे लगाए गए। संगठन के अनुसार यह अभियान स्थानीय जैव विविधता को बढ़ावा देने, वन्यजीवों के लिए भोजन उपलब्ध कराने तथा हरित आवरण विकसित करने के उद्देश्य से चलाया गया।

मथुरा स्थित हाथी संरक्षण एवं देखभाल केंद्र में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विलुप्ति सदा के लिए है विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता और मूक प्राणियों की आवाज़ बनें विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पशु क्रूरता, आवास विनाश और अवैध शिकार जैसे विषयों पर प्रभावी प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, विधायक प्रतिनिधि पंकज प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता तथा सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक वेंकट श्रीकर पटेल ने भाग लिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्तियों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक एवं सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने कहा कि संरक्षण की शुरुआत समाज में जागरूकता और सहभागिता से होती है। वहीं सह-संस्थापक एवं सचिव गीता सेशमणि ने कहा कि लगाया गया प्रत्येक पौधा पर्यावरणीय संतुलन बहाल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

संरक्षण परियोजना निदेशक बैजूराज एम.वी. ने बताया कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश वन विभाग तथा जिला प्रशासन के सहयोग से 2000 से अधिक पौधे लगाकर हरित आवरण बढ़ाने का प्रयास किया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor