स्कूल अब नई टाइमिंग पर खुल रहे, कल से हाफ स्वेटर भी जरूरी, पैरेंट्स के मोबाइल पर पहुंच रहे मैसेज
आगरा। नवंबर माह का पहला पखवाड़ा बीतने को है। इससे आगे जिले के न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आने की उम्मीद है। सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ ही कोहरा छाने व तापमान में आ रही गिरावट को देखते हुए स्कूल प्रबंधनों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। शिक्षा विभाग की ओर से तो अभी कोई आदेश जारी नहीं हुए हैं, लेकिन प्राइवेट स्कूलों ने अपनी ओर से अहतियात बरतना शुरू कर दिया है। आगरा में कई स्कूलों का टाइम कल से बदल रहा है। इसके साथ ही फुल यूनिफॉर्म, ब्लेजर, हाफ स्वेटर पहनकर आने को भी कहा जा रहा है। पैरेंट्स के मोबाइल पर मैसेज आना शुरू हो गए हैं।
पिछले दो दिनों में आगरा में ठंड बढ़ी है। एक दिन कोहरा भी रहा। सुबह बच्चे जल्दी स्कूल जाते हैं तो उन्हें ठंड लगती है। इसे देखते हुए स्कूलों ने निर्णय लिया है कि जिन स्कूलों की टाइमिंग सुबह 7.00 से 7.30 बजे की थी वे स्कूल अब 7.45 बजे से 8.00 बजे तक के हो गए हैं। वहीं दोपहर की टाइमिंग भी बढ़ाई गई है। 1.00 बजे बंद होने वाले स्कूल अब 1.30 और 1.30 तक चलने वाले स्कूल अब 2.00 बजे तक पढ़ाई जारी रखेंगे। 06 से 08 पीरियड में पढ़ाई होगी।
स्कूलों की ओर से पेरेंट्स के पास स्कूलों के बदले समय का मैसेज भेजा जा रहा है। निजी स्कूल, कान्वेंट स्कूल के साथ ही अब मिशनरी स्कूलों में भी टाइमिंग बदलना शुरू हो गई है। हालांकि बहुत से स्कूलों ने दीपावली के बाद नये टाइमिंग पर ही स्कूल खोला। अब स्कूलों ने आधा घंटा समय बढ़ा दिया है। इसके अलावा दोपहर के समय में भी परिवर्तन किया गया है।
इसके साथ ही बच्चों के लिए हाफ स्वेटर अनिवार्य कर दिया गया है। जो बच्चियां स्कर्ट पहनकर आती थीं अब उन्हें भी फुल स्लीव यूनिफॉर्म यानि पेंट—शर्ट में ही आना है। सर्दी बढ़ने के साथ ही ब्लेजर और हुडी भी विंटर कपड़ों में शामिल हैं। अभी तक जो बच्चो हाफ शर्ट या नेकर पहनकर आ रहे थे वो भी अब फुल बाजू की शर्ट और ट्राउजर के साथ स्कूल पहुंचेंगे। बच्चों के साथ ही सभी शिक्षकों को भी गर्म कपड़े पहनने के लिए कहा गया है।