बरेली में शादी के दो महीने के अंदर रिश्ते का कत्ल, बस कडंक्टर पत्नी ने मां-बाप संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। प्रेम विवाह के महज दो महीने बाद ही एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आईवीआरआई में सेवारत ऑफिस असिस्टेंट जितेन्द्र कुमार यादव की गला दबाकर हत्या कर दी गई और फिर साक्ष्य मिटाने के लिए उसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची गई। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाली कोई और नहीं बल्कि उसकी बस कंडक्टर पत्नी ज्योति निकली, जिसने अपने मां-बाप के साथ मिलकर पति की हत्या की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Feb 1, 2026 - 13:26
 0
बरेली में शादी के दो महीने के अंदर रिश्ते का कत्ल, बस कडंक्टर पत्नी ने मां-बाप संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट
थाना इज्जतनगर पुलिस की हिरासत में पतिहंता ज्योति और उसके माता-पिता।

कमरे के अंदर हत्या, बाहर मचाया आत्महत्या का शोर

थाना इज्जतनगर क्षेत्र के गिरजा शंकर कॉलोनी, कैलाशपुरम में 26 जनवरी 2026 को किराये के मकान में जितेन्द्र कुमार यादव (33 वर्ष), निवासी भाऊपुरा, थाना उसराहार, जनपद इटावा का शव वेंटिलेटर की ग्रिल से लटका मिला। प्रारंभ में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन मृतक के भाई अजय कुमार की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की परतें खोल दीं।

पोस्टमार्टम ने खोली साजिश की परत

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला दबाकर हत्या पाया गया। इसके आधार पर पुलिस ने पहले दर्ज धारा 108/351(3) बीएनएस के मुकदमे को तरमीम करते हुए धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) में बदल दिया।

20 हजार, जुआ और फिर खूनी झगड़ा

क्षेत्राधिकारी थर्ड पंकज श्रीवास्तव के अनुसार पूछताछ में आरोपी पत्नी ज्योति ने कबूल किया कि वह और जितेन्द्र लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और 25 नवम्बर 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया था। दोनों किराये के कमरे में रह रहे थे।
ज्योति ने बताया कि जितेन्द्र ने उसके खाते से 20 हजार रुपये लेकर ऑनलाइन जुए में हार दिए। 26 जनवरी को जब उसने रुपये के बारे में पूछा तो विवाद बढ़ गया। गुस्से में उसने अपने माता-पिता को बुला लिया।

मां-बाप ने पकड़े हाथ-पैर, पत्नी ने दबाया गला

ज्योति के अनुसार, झगड़े के दौरान उसके पिता कालीचरन, मां चमेली और भाई दीपक ने जितेन्द्र के हाथ-पैर पकड़ लिए और उसने गुस्से में जितेन्द्र का गला दबा दिया। कुछ ही देर में जितेन्द्र की मौत हो गई। घबराकर चारों ने मिलकर शव को मफलर से वेंटिलेटर की ग्रिल पर लटका दिया और नीचे जाकर शोर मचाया कि उसने फांसी लगा ली।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे ज्योति पत्नी जितेन्द्र यादव, उसके पिता कालीचरन और मां चमेली, निवासी मोहल्ला दुर्गा नगर, थाना बारादरी, बरेली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।

SP_Singh AURGURU Editor