चलते स्टीमर से चंबल में कूदी महिला, दो युवक सकुशल निकाल लाए
आगरा। थाना पिनाहट क्षेत्र के चंबल घाट पर शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला ने स्टीमर से चंबल में छलांग लगा दी। अच्छी बात ये रही कि महिला के चंबल में छलांग लगाते ही स्टीमर के दो कर्मचारियों ने भी पानी में छलांग लगा दी और महिला को सकुशल बाहर निकाल लाए।
यह महिला भिंड की बताई गई है और गृह क्लेश से क्षुब्ध होकर चंबल के पिनाहट घाट पर चली आई थी। जानकारी मिली है कि महिला सुसाइड के इरादे से ही चंबल पर पहुंची थी। स्टीमर में सवार होकर जब वह चंबल के बीच पहुंची तो यकायक स्टीमर से पानी में छलांग लगा दी।
यह देखकर स्टीमर का संचालन करने वाले कर्मचारियों के होश उड़ गए। दो कर्मचारियों ने बगैर देरी किए चंबल में छलांग लगा दी और तैरते हुए महिला के पास जा पहुंचे। दोनों इस महिला को सकुशल किनारे पर ले आए।
महिला को बाहर निकालने के बाद स्टीमर के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला से बातचीत कर उसके परिवार के बारे में जानकारी जुटाई और परिजनों को सूचित किया। कुछ समय बाद महिला के परिजन मौके पर पहुंच गए और समझाकर अपने साथ ले गए।